कोलंबो, 12 जून (हि.स.)। श्रीलंका के रक्षा सचिव जनरल कमल गुनारत्ने ने श्रीलंकाई मालवाहक पोत ‘एमवी एक्स-प्रेस पर्ल’ में लगी आग को बुझाने में सहयोग करने के लिए भारत का आभार जताया है। भारतीय उच्चायोग की ओऱ से ट्वीट कर यह जानकारी दी गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रक्षा सचिव जनरल गुनारत्ने ने भारतीय उच्चायुक्त गोपाल बाग्ले के साथ रक्षा सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी बात की है। उल्लेखनीय है कि मालवाहक पोत गुजरात के हजीरा से रसायन एवं कच्चे माल की खेप लेकर जा रहा था लेकिन 20 मई को कोलंबो बंदरगाह के बाहर श्रीलंकाई जलक्षेत्र में उसमें आग लग गई थी। चालक दल के सभी 25 सदस्यों को अगले दिन सुरक्षित निकाला गया था। भारत ने आग बुझाने में श्रीलंकाई नौसेना की मदद के लिए 25 मई को आईसीजी वैभव, आईसीजी डॉर्नियर और टग वाटर लिली को भेजा था। भारत का विशिष्ट प्रदूषण प्रतिक्रिया पोत समुद्र प्रहरी 29 मई को वहां पहुंचा था। भारत ने राहत प्रयासों को ‘ऑपरेशन सागर सुरक्षा दो’ नाम दिया था। हिन्दुस्थान समाचार/सुप्रभा सक्सेना




