नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। चीन के तियानजिन में सोमवार को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन की बैठक हुई। इसमें भारत, रूस, चीन सहित 10 सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए। इस मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को घेरा और बिना नाम लिए उस पर निशाना साधा।
पहलगाम हमले का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि भारत लंबे समय से आतंकवाद का दर्द झेल रहा है। उन्होंने कहा,”हाल ही में हमने पहलगाम में आतंक का बहुत ही घिनौना रूप देखा। इस हमले ने सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि पूरी मानवता को चुनौती दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आतंकवाद पर किसी भी देश का दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आतंकवाद पर एक ही सुर में बोलना होगा
मोदी ने जोर दिया कि कुछ देश खुले तौर पर आतंकवाद का समर्थन कर रहे हैं, जिसे दुनिया चुपचाप स्वीकार नहीं कर सकती। उन्होंने अपील की कि सभी देश एक सुर में आतंकवाद का हर रूप और रंग में विरोध करें। अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 24 सालों में SCO ने एशिया में सहयोग और आपसी जुड़ाव को मजबूत किया है। भारत ने हमेशा इस संगठन में सकारात्मक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भारत की नीति तीन स्तंभों पर आधारित है:
S – सिक्योरिटी (सुरक्षा)
C – कनेक्टिविटी (संपर्क)
O – अपॉर्च्युनिटी (अवसर)
अमेरिका पर भी कसा तंज
पीएम मोदी ने बिना नाम लिए अमेरिका की “संरक्षणवादी और वर्चस्ववादी सोच” पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्रीय स्थिरता, सुरक्षा और समृद्धि बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी का भाषण इस बात का संकेत था कि भारत आतंकवाद के मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता के खिलाफ अपराध है और इसे रोकने के लिए सभी देशों को मिलकर काम करना होगा।





