नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक में मंगलवार को एक स्कूल बस में आग लगने के कारण 25 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों और बचावकर्मियों ने यह जानकारी दी है। परिवहन मंत्री सुरिया ने बताया कि इस बस में 44 यात्री सवार थे जो सेंट्रल उथई थानी प्रांत से स्कूल ट्रिप के लिए बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी बीच तभी दोपहर के आसपास बैंकॉक के उत्तरी उपनगर पथुम थानी प्रांत में बस में आग लग गई।
मरनेवालों की संख्या की पुष्टि नहीं हुई है
आंतरिक मंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि अधिकारी अभी तक मरने वालों की संख्या की पुष्टि नहीं कर सकते हैं क्योंकि उन्होंने घटनास्थल की जांच पूरी नहीं की है, लेकिन जीवित बचे लोगों की संख्या के आधार पर 25 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई है।
प्रधानमंत्री ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की
आग लगने के बाद भी शव बस के अंदर ही हैं। प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना पर शोक व्यक्त किया है। सरकार मेडिकल में आने वाले खर्चे देगी और पीड़ित परिवारों को मुआवजा भी दिया जाएगा।
सोशल मीडिया पर किया गया पोस्ट
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में दिखाया गया है कि पूरी बस बुरी तरह से जल गई है और धुएं का गुबार निकल रहा है। घटनास्थल पर लगे एक बाचावकर्मी ने बताया कि ऐसी संभावना जताई जा रही है कि बस में आग एक टायर के फटने और वाहन के रोड बैरियर से टकराने के कारण लगी है। एक रेस्क्यू टीम ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि उन्हें बस में से 10 शव बरामद हुए हैं।





