नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। यहां उन्होंने बोस्टन में ब्राउन यूनिवर्सिटी के छात्रों के साथ एक सत्र में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर विदेशी जमीन से भारत की चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने देश में पिछले साल हुए महाराष्ट्र चुनाव की धांधली उजागर करते हुए निर्वाचन का आयोग पर गंभीर आरोप लगाए।
‘महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वोटो की धांधली’
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कांग्रेस नेता राहुल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में युवा मतदाताओं की संख्या से ज्यादा मतदान हुआ है। यह एक सच्चाई है, क्योंकि हमें शाम 5.30 बजे तक के मतदान के आंकड़े दिए गए थे। शाम 5:30 से 7:30 बजे के बीच जब वोटिंग बंद हो जानी चाहिए थी तब 65 लाख मतदाताओं ने वोट डाले थे।
राहुल गांधी ने उठाया ये सवाल
राहुल गांधी ने वोटिंग को लेकर कहा कि यह मुमकिन नहीं है। दरअसल, एक मतदाता को वोट डालने में लगभग 3 मिनट का समय लगता है, यदि इसका हिसाब लगाएंगे तो इसका मतलब यह होगा कि रात 2 बजे तक मतदाताओं की कतारें लगी रही होंगी। वे पूरी रात मतदान करते रहे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं है।’ इसलिए हमने वोटिंग की वीडियोग्राफी के बारे में पूछा, जिस पर उन्होंने न केवल वीडियोग्राफी दिखाने से इनकार किया बल्कि कानून ही बदल दिया।
चुनाव आयोग पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग समझौता कर चुका है, यह अब साफ हो गया है। सिस्टम में बहुत गड़बड़ी है। हमने इसे सार्वजनिक रूप से कई बार कहा है। बता दें कि अमेरिका पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने कारोबारियों और प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शनिवार को अमेरिका पहुंचे थे, सैम पित्रोदा ने बताया कि राहुल गांधी ने भारत के कारोबारियों से बातचीत की है। इस बातचीत में उन्होंने बिजनेस, टेक्नोलॉजी और सभी को साथ लेकर चलने और ईमानदार नेतृत्व जैसे मुद्दों पर चर्चा की है।





