prince-philip-died-at-the-age-of-99
prince-philip-died-at-the-age-of-99

प्रिंस फिलिप का 99 साल की उम्र में निधन

लंदन, 09 अप्रैल (हि.स.)। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 99 वर्ष के थे और पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे। बकिंघम पैलेस ने बयान जारी कर बताया कि विंडसर कासल में उन्होंने सवेरे अंतिम सांसें लीं। बयान में कहा गया है कि बहुत दुख के साथ महारानी ने अपने पति, हिज़ रॉयल हाईनेस द प्रिंस फ़िलिप, ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा के निधन की घोषणा की है। प्रिंस फ़िलिप ने विंडसर कैसेल में शुक्रवार सुबह आख़िरी सांस ली। प्रिंस फिलिप ने तबीयत के चलते साल 2017 में शाही समारोहों से खुद को दूर रखने का ऐलान किया था और तब से सार्वजनिक रूप से कम ही नजर आते थे। इंग्लैंड में कोरोना वायरस के कारण हाल में लगे लॉकडाउन के दौरान वह लंदन के पश्चिम में स्थित विंडसर कासल में महारानी के साथ रह रहे थे। प्रिंस फिलिप से एलिजाबेथ की शादी 1947 में हुई थी। इसके पांच साल बाद एलिजाबेथ महारानी बनी थीं। प्रिंस फिलिप का जन्म ग्रीस के कॉर्फू टापू पर 1921 में हुआ था। ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि प्रिंस फिलिप ने अनगिनत युवाओं के जीवन को प्रेरित किया है। उन्होंने शाही परिवार और राजतंत्र को इस तरह दिशा दी जिससे शाही परिवार हमारे राष्ट्रीय जीवन की ख़ुशियों में संतुलन बनाए रखने के लिए निर्विवाद रूप से एक अत्यंत महत्वपूर्ण संस्था बना रहा। हिन्दुस्थान समाचार/सुप्रभा सक्सेना

Raftaar | रफ्तार
raftaar.in