नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पाकिस्तान के बलूचिस्तान में मंगलवार को एक चरमपंथी संगठन ने यात्री ट्रेन पर हमला कर दिया। बलूच विद्रोहियों ने ट्रेन में सवार यात्रियों को बंधक बना लिया। इस Train Hijack को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने भारत के इस हाइजैक में शामिल होने का शक जताया है।
भारत पर लगाए गंभीर आरोप
पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने बलूचिस्तान ट्रेन हमले में भारत का हाथ बताया है। इस हत्याकांड को लेकर भारत पर निराधार आरोप लगाया है। प्रधानमंत्री के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने दावा किया कि ‘इस हमले के पीछे भारत का हाथ है।’ उन्होंने एक अंग्रेजी समाचार से बात करते हुए कहा कि, ‘अफगानिस्तान में बैठकर इन हमलों को भारत अंजाम दे रहा है। भारत तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और बलूच विद्रोहियों का पहले से ही समर्थन देता आया है। राणा सनाउल्लाह ने आगे कहा कि, इसमें कोई शक नहीं है। ‘ये सब भारत करवा रहा है, आतंकी हमले के बाद बलूच लड़ाकों को अफगान में सुरक्षित ठिकाना मिल जाता है।’
‘अफगानिस्तान में होती है प्लानिंग’
राणा सनाउल्लाह ने आगे कहा, ‘अफगान में बैठकर हर तरह की साजिश को अंजाम दिया जा रहा है। पाकिस्तान के दुश्मन सक्रिय हैं। यह न तो कोई राजनीतिक मामला है और न ही किसी एजेंडे का हिस्सा, बल्कि एक कथित साजिश है।’ उन्होंने भारत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, ‘हां, भारत तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) दोनों का समर्थन कर रहा है।’
अफगान सरकार को दी चेतावनी
इस आतंकी हमले के बीच अफगानिस्तान सरकार को भी चेतावनी दी है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि, अफगानिस्तान में उनके सुरक्षित ठिकाने हैं, तालिबान शासन आने से पहले इतनी छूट नहीं थी, लेकिन अब वे खुलेआम इस अपनी गतिविधियां चला रहे हैं। राणा सनाउल्लाह ने चेतावनी देते हुए कहा, ‘हमने अफगान सरकार से कहा है कि इन गतिविधियों को तुरंत रोके, नहीं तो पाकिस्तान खुद कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध होगा।




