नई दिल्ली, रफ्तार। प्लेन क्रैश में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की मौत के एक महीने के अंदर मलावी के उपराष्ट्रपति भी हादसे के शिकार हो गए। मलावी उपराष्ट्रपति सोलोस चिलिमा और पूर्व प्रथम महिला नागरिक को लेकर जा रहा विमान सोमवार को अचानक से लापता हो गया था। काफी खोजबीन की गई तो चिकनगावा के जंगलों में विमान का मलबा मिला। विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
मलावी के राष्ट्रपति के सचिव कोलीन सांबा ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि उपराष्ट्रपति सोलोस चिलिमा (51 वर्ष), पूर्व प्रथम महिला नागरिक शानिल जिंबिरी के साथ अन्य 7 लोग विमान में थे। विमान दक्षिणी अफ्रीकी देश की राजधानी लिलोंग्वे से सोमवार सुबह 9.17 बजे रवाना हुआ था। उसे 45 मिनट बाद राजधानी से 370 किलोमीटर दूर मजुजु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करना था।
जंगलों में अचानक खोया विमान
कोलीन सांबाने बताया कि वायु यातायात नियंत्रक ने जानकारी दी कि खराब मौसम के चलते विमान लैंड ही नहीं किया और लौट गया। उन्होंने कहा कि वायु यातायात नियंत्रक का विमान से संपर्क टूटा और कुछ देर बाद रडार की पहुंच से दूर हो गया। फिर वह चिकनगावा के जंगलों में खो गया। बाद में खोजबीन की गई तो विमान का मलबा मिला। सभी लोगों की मौत हो चुकी थी।
हृदय विदारक है घटना: राष्ट्रपति
मलावी राष्ट्रपति ने कहा कि मैं जानता हूं कि यह हृदय विदारक है। हम चिंतित हैं। मैं भरोसा दिलाता हूं कि मैं विमान का पता लगाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहा हूं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





