नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कल का दिन बांग्लादेश के इतिहास में एक काला अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। जब एक लोकतांत्रित तरीके से चुनी हुई सरकार के मुखिया को प्रदर्शनकारियों के भय से देश छोड़ना पड़ गया। शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने और देश छोड़ने के बाद भी बांग्लादेश में हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। उपद्रवी लगातार शेख हसीना और उनकी पार्टी आवामी लीग के समर्थकों और प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं।
आवामी लीग के नेता के होटल में लगाई आग
सोमवार को बांग्लादेश के जेसोर में एक दिल दहला देने वाली घटना को उपद्रवियों ने अंजाम दिया। उपद्रवियों ने आवामी लीग के नेता शाहीन चाकलादार के होटल में आग लगा दी। जिसमें 8 लोगों की जलकर मौत हो गई व 84 लोग घायल हो गए। इस खबर की डिप्टी कमिश्नर अबरारुल इस्लाम ने पुष्टि की है।
उपद्रवियों ने जेल से 500 कैदियों को छुड़ाया
बांग्लादेश के शेरपुर जिले में स्थित जिला जेल में धावा बोलकर उपद्रवियों ने 500 कैदियों को छुड़ा दिया। इस दौरान उपद्रवियों ने जेल का गेट भी तोड़ दिया और जेल में आग लगा दी।
उपद्रवियों ने क्रिकेटर मशरफे मुर्तजा के घर में लगाई आग
बांग्लादेश में उपद्रवियों ने उत्पात मचा रखा है। उपद्रवी लगातार शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग के नेताओं को निशाना बना रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार उपद्रवियों ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कैप्टन मशरफे मुर्तजा के घर को आग के हवाले कर दिया। बता दें कि मुर्तजा आवामी लीग के नेता हैं और जनवरी आम चुनाव में शेख हसीना की पार्टी से चुनाव लड़कर सांसद बने हैं। उपद्रवियों ने आवामी लीक के सांसद काजी नबील के आवास में भी तोड़फोड़ की और आग लगा दी।
बांग्लादेश में हिंदुओं को बनाया जा रहा निशाना
बांग्लादेश के प्रमुख अखबार डेली स्टार ने बताया कि देश में हिंदुओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। बांग्लादेश के 27 जिलों में हिंदुओं पर हमले किये जा रहे हैं। उनके घरों को जलाया जा रहा है और उनके प्रतिष्ठानों को लूटा जा रहा है।
उपद्रवियों ने पीएम आवास में की लूटपाट
सोमवार को बांग्लादेश में हालात बिगड़ने पर शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और देश छोड़ दिया। शेख हसीना के देश छोड़ने पर सेना ने बांग्लादेश की कमान संभाल ली है। हसीना वायुसेना के विशेष विमान से भारत के हिंडन एयरबेस पहुंची। शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद उपद्रवी बांग्लादेश के प्रधानमंत्री आवास में घुस गए और जमकर लूटपाट की।
कोटा सिस्टम है हिंसा का कारण
गौरतलब है कि बांग्लादेश में कोटा सिस्टम को लेकर हाईकोर्ट के आदेश के बाद पिछले महीने से ढाका विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रदर्शन कर दिया। छात्रों ने पुलिस और सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों के विरोध का मुख्य कारण वो कोटा सिस्टम है जो पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश के 1971 के स्वतंत्रता संग्राम में लड़ने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार के सदस्यों को सरकारी नौकरियों में 30 फीसदी आरक्षित करता है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://www.raftaar.in




