नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारत-अमेरिका संबंधों में पहले तनाव था, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को रूस से तेल खरीदने पर आपत्ति जताई थी। अब ट्रंप ने इस मुद्दे पर चौंकाने वाला दावा किया है, जिससे दोनों देशों के कूटनीतिक समीकरणों में नया मोड़ आ सकता है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार, 15 अक्टूबर को दावा किया कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। हालांकि, इस बयान की सच्चाई विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी। गौरतलब है कि ट्रंप पहले भी भारत को लेकर कई भ्रामक और झूठे दावे कर चुके हैं। जिसे भारतीय विदेश मंत्रालय ने खंडन किया था।
अब चीन पर भी बनाया जाएगा दबाव
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भरोसा दिलाया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। ट्रंप ने इसे “बड़ा कदम” बताया और कहा कि अब चीन पर भी ऐसा दबाव बनाया जाएगा। दोनों नेताओं के रिश्ते की भी चर्चा की।
रूस को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति का बड़ा दावा
रूस से तेल खरीद पर डोनाल्ड ट्रंप कई बार बयान दे चुके हैं। उनका कहना है कि रूस तेल से होने वाली कमाई को यूक्रेन युद्ध में झोंक रहा है। इसी कारण वे नहीं चाहते थे कि भारत रूस से तेल खरीदे। इस मुद्दे पर ट्रंप लगातार सख्त रुख अपनाते रहे हैं।
रूस से तेल खरीद पर नाराजगी जताते हुए ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया था। उन्होंने चीन पर भी भारी शुल्क लगाया, जिससे दोनों देशों के साथ व्यापारिक तनाव बढ़ा। फिलहाल अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ वॉर जारी है, जिसका वैश्विक व्यापार पर असर पड़ रहा है।
कुछ दिन पहले ट्रंप ने भारत को महान देश बताया था
बता दें कि, हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की खुलकर तारीफ की थी। उन्होंने भारत को “महान देश” बताया और प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की। खास बात यह रही कि ट्रंप ने यह प्रशंसा पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में की, जिससे उनकी टिप्पणी और अधिक चर्चा में आ गई।




