नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पाकिस्तान ने एक बार फिर नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ा दिया है। 26 और 27 अक्टूबर की दरमियानी रात पाकिस्तानी सेना ने लीपा घाटी में भारतीय चौकियों पर अंधाधुंध गोलीबारी और मोर्टार दागे। भारतीय जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। सीमा पर हालात फिलहाल तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी सेना की अकारण गोलीबारी का भारतीय जवानों ने कड़ा जवाब दिया। भारतीय सेना ने पूरी तत्परता से जवाबी कार्रवाई कर पाकिस्तान की नापाक हरकतों को नाकाम किया। दोनों ओर से हुई इस मुठभेड़ के बाद नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ गया है।
भारतीय चौकियों को बनाय निशाना
सीजफायर उल्लंघन की यह घटना लीपा वैली क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां पाकिस्तानी सेना ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भारतीय चौकियों पर निशाना साधा। अचानक की गई इस गोलीबारी से क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है, जबकि भारतीय सेना ने मोर्चे पर जवाबी कार्रवाई की है।
जवाबी कार्रवाई से सीमा पर बढ़ा तनाव…
भारतीय सेना की माकूल जवाबी कार्रवाई के बाद नियंत्रण रेखा पर तनाव और बढ़ गया है। सेना के सूत्रों ने बताया कि भारतीय जवान हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी उकसावे का जवाब देने के लिए तैयार हैं। सीमा पर निगरानी कड़ी कर दी गई है।
डरा और सहमा हुआ है पाकिस्तान
बता दें कि, पाकिस्तान ने हाल ही में अपने सेंट्रल और साउथ एयरस्पेस में कई एयर ट्रैफिक रूट्स पर रोक लगाते हुए नोटम जारी किया है। यह कदम ऐसे वक्त उठाया गया है जब भारत सीमा पर ट्राई-सर्विसेज एक्सरसाइज ‘त्रिशूल’ की तैयारी में जुटा है। एक्सपर्ट कहते है कि, पाकिस्तान का यह कदम किसी सैन्य अभ्यास या हथियार परीक्षण से जुड़ा हो सकता है।
इस्लामाबाद का यह फैसला ऐसे समय पर सामने आया है जब भारत ने 30 अक्टूबर से 10 नवंबर तक पाकिस्तान सीमा के पास सर क्रीक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ट्राई-सर्विसेज मिलिट्री एक्सरसाइज के लिए नोटम जारी किया है। दोनों देशों के इन कदमों से क्षेत्र में सुरक्षा तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।





