नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पाकिस्तान का बलूचिस्तान प्रांत एक बार फिर हिंसा की आग में जल उठा है। शनिवार को बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के लड़ाकों ने एक साथ कई शहरों में हमला कर पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी ISI को सीधी चुनौती दे दी। इस हमले के बाद कई इलाकों में पुलिस थानों पर कब्जा कर लिया गया, जबकि कई जगहों पर पाकिस्तानी सुरक्षाबल अपनी पोस्ट छोड़कर पीछे हटते नजर आए।
10 से ज्यादा शहरों में एक साथ हमला
BLA के मुताबिक, उसके लड़ाकों ने बलूचिस्तान के क्वेटा, नोशकी, माष्टुंग, दलबदिन, कलाट, खारन, ग्वादर, पसनी, टंप, बुलेडा सहित कुल 10 से 12 शहरों में एक साथ हमले किए। इन हमलों में पाकिस्तानी सेना, पुलिस और ISI के ठिकानों को निशाना बनाया गया। BLA ने दावा किया है कि क्वेटा, ग्वादर, पसनी, नोशकी और दलबदिन में किए गए हमले फिदायीन थे। इन हमलों को संगठन की मजीद ब्रिगेड ने अंजाम दिया। कई इलाकों में बलूच लड़ाके सीधे पाक सेना के कैंपों में घुस गए, जिससे हालात और बिगड़ गए।
पुलिस स्टेशन पर कब्जा, हाईवे भी निशाने पर
माष्टुंग और कलाट में BLA लड़ाकों ने पाकिस्तानी पुलिस की इमारतों पर कब्जा कर लिया और पुलिसकर्मियों को खदेड़ दिया। इसके अलावा समुद्र की ओर जाने वाले कई मुख्य हाईवे पर हमले किए गए, ताकि सेना की आवाजाही रोकी जा सके। बलूच लिबरेशन आर्मी का दावा है कि इन हमलों में अब तक 12 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे जा चुके हैं। वहीं, मुठभेड़ में 3 BLA लड़ाकों के मारे जाने की भी खबर है। अकेले क्वेटा में BLA के हमले में 7 पुलिसकर्मियों की मौत होने की बात सामने आई है।
डिप्टी कमिश्नर को बनाया बंधक
हमलों के बीच BLA ने नोशकी के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद हुसैन को बंधक बना लिया। संगठन ने उनकी एक वीडियो भी जारी की है, जिसमें वह खुद को बलूच लड़ाकों की हिरासत में होने की बात स्वीकार करते दिख रहे हैं। बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं। यहां एक बैंक को लूटने के बाद धमाका किया गया सड़कों पर हथियारों के साथ खुलेआम बलूच लड़ाके घूमते दिखे पुलिस की कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया शहर में डर और अफरा-तफरी का माहौल है।




