नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। नए साल की शुरुआत में जब दुनिया शांति और सहयोग का संदेश दे रही है, उसी वक्त पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने भारत का नाम लिए बिना चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पाकिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से उल्लंघन किया गया, तो उसका “ठोस और निर्णायक” जवाब दिया जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान खुद आतंकवाद, राजनीतिक अस्थिरता और आंतरिक हिंसा से जूझ रहा है।
जीएचक्यू में बलूचिस्तान पर टिप्पणी
पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी बयान के अनुसार, जनरल आसिम मुनीर ने यह टिप्पणी रावलपिंडी स्थित जनरल हेडक्वार्टर्स (जीएचक्यू) में बलूचिस्तान पर आयोजित 18वीं राष्ट्रीय कार्यशाला के प्रतिभागियों से बातचीत के दौरान की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है और इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
शांति की बात, लेकिन चेतावनी भरा लहजा
आसिम मुनीर ने अपने भाषण में एक ओर क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की बात की, वहीं दूसरी ओर चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि पाकिस्तान की सीमाओं से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह बयान पाकिस्तान की घरेलू विफलताओं और बलूचिस्तान में बढ़ती असंतोष की आग से ध्यान भटकाने की कोशिश है।
बलूचिस्तान हिंसा के लिए भारत पर आरोप
पाक सेना प्रमुख ने बिना कोई ठोस सबूत पेश किए दावा किया कि ‘भारत समर्थित गुट’ बलूचिस्तान में हिंसा फैला रहे हैं और वहां के विकास कार्यों को बाधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बल आतंकवाद और अशांति के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। भारत पहले भी ऐसे आरोपों को बेबुनियाद और मनगढ़ंत बता चुका है।
भारत का करारा जवाब
पाकिस्तान की इस बयानबाजी के बीच भारत में पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने पाकिस्तान की कथनी और करनी के फर्क को उजागर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) ड्रोन के जरिए पंजाब में हथियार और गोला-बारूद भेज रही है, ताकि राज्य में अशांति फैलाई जा सके।
पंजाब को अस्थिर करने की साजिश
बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी यादव ने कहा कि पाकिस्तान ग्रेनेड हमलों जैसी घटनाओं को बढ़ावा देकर पंजाब को “अत्यधिक अशांत” राज्य के रूप में पेश करना चाहता है। उन्होंने इसे भारत के खिलाफ चलाए जा रहे छद्म युद्ध (प्रॉक्सी वॉर) का हिस्सा बताया। डीजीपी के अनुसार, इस नेटवर्क के तार उत्तरी अमेरिका, यूरोप, दक्षिण-पूर्व एशिया और खाड़ी देशों तक फैले हुए हैं।
हर साजिश को नाकाम कर रही सुरक्षा एजेंसियां
डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट किया कि सीमा पार से रची जा रही हर साजिश को पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार नाकाम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस थानों को निशाना बनाकर किए गए ग्रेनेड हमलों के पीछे पाकिस्तान की मंशा साफ है, लेकिन राज्य में शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।





