नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हरियाणा नगरीय निकाय चुनाव में बीजेपी ने बंपर जीत दर्ज की है। राज्य की 10 में से 9 नगर निगम में बीजेपी ने अपना परचम लहराया है। वहीं, केवल मानेसर नगर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली है। वहीं, पानीपत, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, फरीदाबाद, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, करनाल, रोहतक और सोनीपत नगर निगम में बीजेपी को जीत मिली है।
10 नगर निगम के अलावा 5 नगर परिषद और 23 नगर पालिकाओं में भी चुनाव हुए थे, इनके वोटों की गिनती जारी है। पिछले साल हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बंपर जीत के बाद नगर निगम चुनावों में जीत को दूसरी बड़ी जीत माना जा रहा है।
CM बोले- हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बन गई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने का सपना देखा है, उसे पूरा करने में हरियाणा की ट्रिपल इंजन सरकार अपना बड़ा योगदान देगी।
इसके साथ ही नायब सिंह सैनी ने नगरीय निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत को जनता और हर कार्यकर्ता की जीत बताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि ये जीत मोदी की गारंटी और बीजेपी पर भरोसे की जीत है।
Faridabad Mayor बनीं परवीन जोशी
वहीं फरीदाबाद में रिकॉर्ड वोटों से मेयर चुनाव जीतने के बाद परवीन जोशी ने कहा, ‘मैं जनता की जरूरतों और परेशानियों को समझती हूं। पीने के पानी, कूड़े और सीवेज की समस्याएं हैं। केंद्रीय मंत्री कृषन पाल गुर्जर ने आश्वासन दिया है कि हम साथ मिलकर काम करेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई बाधा नहीं आएगी। लोगों ने मुझ पर भरोसा जताया है, मैं इसके लिए आभार व्यक्त करती हूं।’




