नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ दिल्ली में मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी से मिला और विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के लिए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुझे विश्वास है कि विकसित भारत के संकल्प में हरियाणा की भूमिका और महत्वपूर्ण होने जा रही है।”
नायब सिंह सैनी ने PM मोदी को दिया जीत का श्रेय
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को दिया है। उन्होंने कहा कि “ इस बड़ी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है जिन्होंने पिछले 10 सालों में ऐसी पॉलिसी बनाई, जिसका लाभ गरीबों, किसानों, युवा और महिलाओं को मिला है। उनकी स्कीम समाज के हर वर्ग के लिए है। यह जीत मोदी के लिए लोगों के प्यार का नतीजा है। मैं हरियाणा के लोगों और पार्टी वर्करों को भी धन्यवाद देता हूं।”
BJP तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने के लिए तैयार है। विधानसभा चुनावों की 90 सीटों में से 48 पर पार्टी ने जीत हासिल की है जबकि कांग्रेस ने 37 सीट जीती हैं।
कांग्रेस ने सबकी छवि खराब की है: प्रधानमंत्री मोदी
हरियाणा के चुनावो में जीत के बाद पार्टी वर्करों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘चाहें वो देश की न्यायपालिका हो, पुलिस हो या चुनाव आयोग हो, कांग्रेस ने सबकी छवि खराब की है। उन्होंने लोगों को गुमराह करने की कोशिश की है। यह कांग्रेस की आदत बन गई है और वह यह सब बिना शर्म के कर रही है।’
उल्लेखनीय है कि बीजेपी ने हरियाणा विधानसभा चुनावों में बेहतर जीत हासिल की है जबकि जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनावों में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस की गठबंधन सरकार ने सरकार बनाई है।





