नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। सभी जागरूक मतदाता बढ़ चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सभी मतदाताओं में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। राज्य की जनता आमुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुडा, जजपा के दुष्यंत चौटाला और कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट समेत 1027 अन्य प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कर देगी।
ज
हरियाणा में 20,632 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं
भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में तीसरी बार फिर से सत्ता में काबिज होना चाहती है। वहीं कांग्रेस एक दशक बाद फिर से हरियाणा में अपनी सरकार बनाने की उम्मीद जगाए बैठी है। आज हो रहे हरियाणा विधानसभा के चुनाव के परिणाम 8 अक्टूबर 2024 को आयेंगे। हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर 20,632 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य की जनता से अपील
हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता से अपील करते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा “आज हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि वे लोकतंत्र के इस पावन उत्सव का हिस्सा बनें और मतदान का एक नया रिकॉर्ड कायम करें। इस अवसर पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी विशेष शुभकामनाएं।”
मल्लिकार्जुन खड़गे की हरियाणा की जनता से अपील
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य की जनता से अपील करते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा “आज हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदान हो रहा है। मेरी हरियाणा के छत्तीस बिरादरी समेत सभी लोगों से अपील है कि वोट ज़रूर डालें। आपका एक वोटहरियाणा को खुशहाली और समाजिक न्याय के पथ पर ले जाएगा।
EVM पर वोट डालने से पहले ये याद रखें कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में बेरोज़गारी, महँगाई, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, गाँवों और शहरों की बदहाली, पहचान पत्र में धांधली, महिला असुरक्षा, सामाजिक भेदभाव और आर्थिक असमानता के अलावा हरियाणा को कुछ नहीं मिला है। सत्ता के लालच में हरियाणा के विकास का बंटाधार हुआ है।
आज का आपका एक वोट इन सबपर विराम लगा देगा। हरियाणा फिर से तरक़्क़ी के रास्ते पर चल पड़ेगा। अगर हरियाणा का भविष्य बदलना है तो EVM बटन दबाने की गूंज दिल्ली तक सुनाई देनी चाहिए ताकि पूरी तरह बदलाव हो सके।
मैं अपने युवाओं से, ख़ासकर पहली बार वोटिंग करने वाले नागरिकों से अनुरोध करता हूँ कि लोकतंत्र के इस उत्सव में ज़रूर भागीदारी बनें।”




