नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। राज्य की जनता बढ़ चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रही है। इसी बीच कांग्रेस की वरिष्ठ और बड़ी दलित नेता कुमारी सैलजा ने भी हिसार के एक पोलिंग बूथ में अपना वोट डाला। कुमारी सैलजा ने अपना मताधिकार का प्रयोग करने के बाद मतदान केंद्र के बाहर मीडिया से बातचीत की। कुमारी सैलजा ने मीडिया से कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने जा रही है। इसके बाद मीडिया ने कुमारी सैलजा से सवाल किया कि अगर हरियाणा विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस जीती तो राज्य का मुख्यमंत्री कौन बनेगा, कुमारी सैलजा ने इसका जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस आलाकमान ही इसका फैसला लेगा और उनका निर्णय ही अंतिम होगा।
BJP हरियाणा में बहुत ही कमजोर हैं: कुमारी सैलजा
इसके बाद मीडिया ने कुमारी सैलजा से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से उन्हें भाजपा में शामिल होने को लेकर मिले ऑफर के बारे में पूछा। कुमारी सैलजा ने कहा कि बीजेपी उन्हें अपनी पार्टी में इसलिए शामिल कराना चाहती है, क्योंकि वे हरियाणा में बहुत ही कमजोर हैं। बीजेपी ताकतवर नेताओं को अपनी पार्टी में लाने के लिए कुछ भी करेगी। इसके बाद मीडिया ने कुमारी सैलजा से सवाल किया की कांग्रेस पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में कितनी सीटें जीतेगी। कुमारी सैलजा ने इसका जवाब देते हुए कहा कि हमारी पार्टी सभी 90 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
कांग्रेस राज्य में अपनी सरकार बनाने जा रही है: कुमारी सैलजा
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने मीडिया से कहा कि अबकी बार हरियाणा विधानसभा में एकतरफा मुकाबला होने जा रहा है। कांग्रेस राज्य में अपनी सरकार बनाने जा रही है। हरियाणा की जनता से भी इसके पूरे संकेत मिल रहे हैं। बता दें कि कुमारी सैलजा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले ही एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि कांग्रेस आलाकमान हरियाणा के मुख्यमंत्री के लिए अभी से कुछ नेताओं के नाम पर विचार कर रहा होगा। इसके बाद कुमारी सैलजा ने कहा था कि उन्हें लगता है कि कांग्रेस आलाकमान मुख्यमंत्री की सूची में उनका नाम भी शामिल करेगा। कांग्रेस आलाकमान इसका निर्णय लेते वक्त नेताओं की वरिष्ठता और पार्टी के किए गए कार्यों को जरूर धयान में रखेगा।




