नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । सट्टेबाजी ऐप से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच में अभिनेत्री उर्वशी रौतेला एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन के बावजूद पेश नहीं हुई हैं। ईडी ने उन्हें आज 16 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन खबरों के अनुसार अभिनेत्री ने अब तक एजेंसी को कोई जवाब नहीं दिया है और न ही पूछताछ में शामिल होने की पुष्टि की है।
यह दूसरी बार है जब उर्वशी रौतेला ने ईडी के समन को नजरअंदाज किया है। इससे पहले भी एजेंसी ने उन्हें इसी मामले में तलब किया था, लेकिन उस समय भी वह जांच में शामिल नहीं हुई थीं। अब यह देखना होगा कि लगातार दो बार समन को नजरअंदाज करने पर ईडी अभिनेत्री के खिलाफ क्या अगला कदम उठाती है।
सट्टेबाजी ऐप केस में ईडी की रडार पर 29 हस्तियां
सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इस साल मार्च में हैदराबाद पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज, मंचू लक्ष्मी, प्रणीता और निधि अग्रवाल सहित कुल 25 सेलिब्रिटीज पर अवैध सट्टेबाजी ऐप्स का प्रचार करने का आरोप लगाया गया था। शिकायत में कहा गया था कि इन अवैध ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स ने लाखों रुपये का चूना लगाया है और यह गतिविधियां खासतौर पर मध्यम और निम्न मध्यम वर्गीय परिवारों को आर्थिक संकट में डाल रही हैं।
ईडी की विस्तृत जांच में अब तक 29 प्रमुख हस्तियां, जिनमें फिल्म कलाकार और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शामिल हैं, जांच के घेरे में हैं। एजेंसी इन हस्तियों द्वारा किए गए विज्ञापन सौदों, वित्तीय लेन-देन और ऑनलाइन गतिविधियों के डिजिटल रिकॉर्ड्स की छानबीन कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका इस अवैध नेटवर्क से क्या और कितना संबंध है। प्रकाश राज ने बाद में स्वीकार किया कि वह 2015 में एक सट्टेबाजी ऐप के विज्ञापन से जुड़े थे, लेकिन एक साल के भीतर ही उन्होंने इससे अपना नाम हटा लिया था। वहीं, राणा दग्गुबाती की टीम ने दावा किया कि उनका विज्ञापन अनुबंध पूरी तरह कानूनी था और नियमों के अनुरूप किया गया था।
सट्टेबाजी ऐप्स के प्रचार पर भड़कीं थीं कंगना रनौत
साल की शुरुआत में अभिनेत्री कंगना रनौत ने उन सेलिब्रिटीज पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी जो अवैध सट्टेबाजी ऐप्स का प्रचार कर रहे हैं। कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जताई थी। उन्होंने लिखा था कि “एक साल में लगभग 6 बार मेरे पास यह विज्ञापन आया, हर बार उन्होंने मुझे खरीदने के लिए कई करोड़ रुपये ऑफर किए, लेकिन मैंने हर बार मना कर दिया। अब और देखो, यह ईमानदारी अब तुम्हारे जमीर के लिए भी अच्छी नहीं है। यह नया भारत है, सुधार जाओ नहीं तो सुधार दिए जाओगे।” कंगना ने अपने इस बयान में हंसी वाला इमोजी और भारतीय ध्वज का इमोजी भी जोड़ा।




