नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। सिंगर उदित नारायण के लाइव कॉन्सर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब ट्रेंड में चल रहा है। इस वीडियो में उन्होंने एक फीमेल फैन को किस किया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही सिंगर को लोगों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन खुद उदित नारायण को इस बात का बिल्कुल भी पछतावा नहीं है बल्कि वह भारत रत्न पाने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए सिंगर
उदित नारायण लाइव कंसर्ट में ‘टिप टिप बरसा पानी’ गाने पर अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे। इस दौरान एक फीमेल फैन सेल्फी लेने के लिए पास गईं। सिंगर ने उन्हें होठों पर किस किया। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल किया गया। उदित नारायण ने बॉलीवुड हंगामा को दिए हुए इंटरव्यू में इस मामले में अपनी बात सामने रखी है।
उदित नारायण ने दी सफाई
सिंगर ने कहा, ‘क्या मैंने कभी खुद को, अपने परिवार या अपने देश को शर्मिंदा करने के लिए कुछ किया है? तो फिर मैं अपने जीवन के इस पड़ाव पर अब कुछ क्यों करूंगा जब मैंने सब कुछ हासिल कर लिया है? मेरे फैंस और मेरे बीच एक गहरा, प्योर और अटूट बंधन है। वायरल वीडियो में आपने जो देखा वह मेरे और मेरे फैंस के बीच प्यार को दिखाता है। वे मुझसे प्यार करते हैं। मैं उन्हें और भी अधिक प्यार करता हूं।’
उदित नारायण को नहीं है पछतावा
उदित नारायण ने किसी मामले में यह भी कहा कि उन्हें कोई शर्मिंदगी और पछतावा नहीं है। सिंगर ने कहा, ‘नहीं, बिल्कुल नहीं! मुझे क्यों होना चाहिए? क्या आपको मेरी आवाज में कोई पछतावा या दुःख सुनाई देता है? दरअसल, जब मैं आपसे बात कर रहा हूं तो मुझे हंसी आ रही है। यह कोई घटिया या गुप्त बात नहीं है। यह सार्वजनिक डोमेन में है। मेरा दिल साफ है। यदि कुछ लोग मेरे इस प्यार में कुछ गंदा देखना चाहते हैं तो मुझे उनके लिए खेद है। मैं उन्हें भी धन्यवाद देना चाहता हूं क्योंकि अब उन्होंने मुझे पहले से भी अधिक फेमस बना दिया है।’
भारत रत्न लेना चाहते हैं उदित नारायण
उदित नारायण ने भारत रत्न पाने की इच्छा भी जाहिर की है। सिंगर ने कहा, ‘मैं कई फिल्मफेयर पुरस्कार, राष्ट्रीय पुरस्कार, पद्म श्री और पद्म भूषण पा चुका हूं। मैं लताजी की तरह भारत रत्न पाने की ख्वाहिश रखता हूं। वह मेरी प्रतिमा है। क्या आप जानते हैं कि मेरी पीढ़ी के गायकों में मैं उनका पसंदीदा सिंगर था? मैंने अपनी पीढ़ी के गायकों में से सबसे अधिक गाने उनके साथ गाए हैं। जब मेरे पास माता सरस्वती का आशीर्वाद है, तो मुझे उन लोगों की क्या परवाह है जो दूसरों को सफल होते नहीं देख सकते?’





