बॉलीवुड में आने से पहले इस काम में माहिर थे सुनील शेट्टी, डेब्यू से पहले ही कर ली थीं 40 फिल्में साइन

सुनील शेट्टी अपने एक्‍शन और दमदार रोल के लिए जाने जाते हैं। एक्टर आज अपना जन्मदिन माना रहे हैं। इस खास दन चलिए जानते हैं उनके कुछ किस्से को।

0
1
Sunil Shetty
Sunil Shetty

नई दिल्‍ली / रफ्तार डेस्‍क । हिंदी सिनेमा में 90 के दशक में कई सितारों ने अपने करियर की शुरुआत की थी, उन्हीं में से एक थे सुनील शेट्टी। उन्होंने 1992 में फिल्म ‘बलवान’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। हालांकि उनकी पहली फिल्म खास सफल नहीं रही, लेकिन इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। हैरानी की बात यह है कि सुनील ने डेब्यू करने से पहले ही 40 फिल्में साइन कर ली थीं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि फिल्मों में आने से पहले सुनील शेट्टी किस पेशे से जुड़े थे?

मार्शियल आर्ट्स में माहिर थे सुनील शेट्टी

सुनील शेट्टी ने हाल ही में भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में खुलासा किया कि वह महज 11 या 12 साल की उम्र से मार्शियल आर्ट्स की ट्रेनिंग ले रहे थे। उन्होंने बताया, “मैंने ब्रूस ली को देखकर ठान लिया था कि मुझे भी मार्शियल आर्ट्स सीखना है और ब्रूस ली जैसा बनना है।” सुनील शेट्टी ने आगे कहा कि उन्हें किसी भी खेल को सीखने में ज्‍यादा वक्त नहीं लगता था और मार्शियल आर्ट्स में भी उन्होंने जल्दी ही महारत हासिल कर ली। सिर्फ दो साल में ही उन्हें सीनियर बना दिया गया और 14-15 साल की उम्र में ही वह इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) और महाराष्ट्र पुलिस को ट्रेनिंग देने लगे थे। ये सब उन्होंने अपने गुरु सेंसेई परवेज मिस्त्री के मार्गदर्शन में किया।

इस तरह मिला सुनील शेट्टी को फिल्मों में पहला मौका

सुनील शेट्टी ने अपने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में पहला ब्रेक एक दिलचस्प संयोग के चलते मिला था। उन्होंने कहा, “एक बार काफी वक्त बाद महाराष्ट्र पुलिस के एक डेमो में डायरेक्टर राजीव राय ने मुझे देखा। मेरा दोस्त शब्बीर भी वहीं था। राजीव ने मुझसे पूछा ‘ये लड़का कौन है? अच्छा एक्शन करता है।'”

दरअसल, उस समय वीडियो का दौर था और थिएटर में फिल्में ज्यादा नहीं चल रही थीं। ऐसे में एक्शन बेस्ड ‘मास फिल्मों’ की मांग थी और सुनील की एक्शन स्किल्स ने उन्हें ये मौका दिला दिया। राजीव राय ने सुनील को लेकर एक फिल्म प्लान की, लेकिन उनके पहले से तय हीरो की तबीयत खराब हो गई, जिससे फिल्म रुक गई। बाद में जब वह हीरो ठीक हो गए, तब सुनील को रिप्लेस नहीं किया गया बल्कि वादा निभाते हुए उन्हें फिल्म ऑफर की गई। इसके बाद सुनील ने साल 1992 में फिल्म ‘बलवान’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया और पीछे मुड़कर नहीं देखा।

डेब्यू से पहले ही सुनील शेट्टी ने साइन कर ली थीं 40 फिल्में

सुनील शेट्टी ने अपने शुरुआती करियर के बारे में बात करते हुए बताया कि उनकी डेब्यू फिल्म ‘बलवान’ की रिलीज से पहले ही उनके पास ढेरों प्रोजेक्ट्स लाइन में लग चुके थे। उन्होंने कहा, “जब ‘बलवान’ की रिपोर्ट्स और खासकर एक्शन की रिपोर्ट्स बाहर आईं, तब तक मैं 40 फिल्में साइन कर चुका था, पहली फिल्म रिलीज होने से पहले ही।” उन्होंने उस दौर की काम करने की स्पीड को याद करते हुए बताया, “हम उस समय बहुत सारी फिल्में करते थे। एक साल में 25-30 फिल्में शूट करना आम बात थी। कभी दो दिन, चार दिन, कभी पांच दिन… यहां तक कि एक ही दिन में तीन-तीन फिल्मों की शूटिंग करते थे।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here