नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। 60 करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी मामले में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा से मंगलवार को करीब साढ़े चार घंटे तक पूछताछ की। यह पूछताछ उनके जुहू स्थित आवास पर की गई, जहां अधिकारियों ने उनसे एडवरटाइजिंग कंपनी से जुड़े बैंक लेनदेन और संबंधित दस्तावेजों के बारे में जानकारी जुटाई है। EOW अधिकारियों के मुताबिक, शिल्पा ने पूछताछ के दौरान कई जरूरी दस्तावेज पेश किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। यह मामला ‘Best Deal TV Pvt. Ltd.’ नामक अब बंद हो चुकी कंपनी से जुड़ा है, जिसमें उनके पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा भी साझेदार थे।
हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत’
इसी बीच, बॉम्बे हाई कोर्ट ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की ओर से दायर LOC (लुकआउट सर्कुलर) सस्पेंड करने की याचिका खारिज कर दी है। कपल ने अदालत से यह अपील की थी कि उन्हें आगामी विदेश यात्राओं की अनुमति दी जाए, लेकिन कोर्ट ने राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगते हुए अगली सुनवाई 8 अक्टूबर को तय की है।
इन यात्राओं की दी जानकारी
शिल्पा और राज ने कोर्ट को बताया कि उनकी अक्टूबर और दिसंबर महीने में थाईलैंड, लॉस एंजेल्स, कोलंबो, मालदीव, दुबई और लंदन यात्रा की योजनाएं हैं। उनके वकील निरंजन मुंडारगी और केरल मेहता ने बताया कि 2 से 5 अक्टूबर तक कपल की फुकेत यात्रा की बुकिंग पहले से है। इसके बाद 21 से 24 अक्टूबर को लॉस एंजेल्स, 26 से 29 अक्टूबर को कोलंबो और मालदीव, और 20 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 तक दुबई व लंदन की यात्रा प्रस्तावित है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला उद्योगपति दीपक कोठारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। कोठारी ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2015 से 2023 के बीच उन्हें Best Deal TV Pvt. Ltd. में निवेश के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने 60 करोड़ से अधिक की राशि निवेश की थी। शिकायत के मुताबिक, शिल्पा शेट्टी ने इस निवेश पर व्यक्तिगत गारंटी भी दी थी, लेकिन बाद में कंपनी बंद हो गई और उन्हें कोई लाभ नहीं मिला। राज कुंद्रा ने भी 15 सितंबर को EOW के समन पर हाज़िरी लगाई थी। मामले में आगे की जांच जारी है और EOW 8 अक्टूबर को हाई कोर्ट में अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।





