नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान का जलवा सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, बल्कि हर मंच पर कायम है। हाल ही में हुए एक इवेंट में उन्होंने अपने बेहतरीन सेंस ऑफ ह्यूमर से सभी का दिल जीत लिया। मौका था उनके बेटे आर्यन खान की डायरेक्टोरियल डेब्यू वेब सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ (Ba*ds of Bollywood)** के प्रीव्यू इवेंट का, जो जल्द ही नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है।
शाहरुख बोले – “नेशनल अवॉर्ड पकड़ने को एक हाथ काफी”
इस दौरान शाहरुख ने अपनी कंधे की चोट और सर्जरी पर बात करते हुए मजाकिया लहजा अपनाया। उन्होंने कहा, “सोच रहे होंगे कंधे को क्या हुआ? चोट लगी थी, सर्जरी हुई है। 1-2 महीने लगेंगे ठीक होने में। लेकिन नेशनल अवॉर्ड पकड़ने के लिए तो एक हाथ ही काफी है!” इतना सुनते ही पूरा हॉल हंसी और तालियों से गूंज उठा। शाहरुख ने आगे कहा, “ज्यादातर काम मैं एक हाथ से कर लेता हूं, लेकिन लोगों का प्यार पूरी तरह से स्वीकार करने के लिए दोनों हाथ चाहिए।”
71वें नेशनल अवॉर्ड्स में मिला सम्मान
हाल ही में घोषित हुए 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में शाहरुख को उनकी सुपरहिट फिल्म ‘जवान’ के लिए बेस्ट एक्टर का सम्मान दिया गया। एटली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने पिता और बेटे का डबल रोल निभाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।
इसके बाद ट्विटर पर हुए उनके मशहूर #AskSRK सेशन में एक फैन ने पूछा – “नेशनल अवॉर्ड या जनता का प्यार?” इस पर शाहरुख ने दिल छू लेने वाला जवाब दिया। कहा –”ऐसा लग रहा है जैसे मैं देश का किंग हूं। सम्मान मिला है और अब और मेहनत करने की जिम्मेदारी भी।”
आर्यन खान की सीरीज में दमदार स्टारकास्ट
आर्यन खान का निर्देशन डेब्यू भी खास होने वाला है। गौरी खान द्वारा प्रोड्यूस की गई इस सीरीज में साहेर, लक्षय, बॉबी देओल, राघव जुयाल, मनोज पाहवा, मोना सिंह और मनीष चौधरी जैसे कलाकार नजर आएंगे।
खास बात यह है कि शाहरुख खान भी इस सीरीज में कैमियो रोल करते दिखेंगे। यही वजह है कि फैंस में इस प्रोजेक्ट को लेकर जबरदस्त उत्साह है।





