नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । अनुराग कश्यप के भाई और फिल्म ‘दबंग’ के निर्देशक अनुभव कश्यप ने सलमान खान पर तीखे आरोप लगाते हुए उन्हें ‘गुंडा’, ‘बदतमीज’ और ‘गंदा इंसान’ तक कह डाला था। वहीं ‘सिकंदर’ के निर्देशक एआर मुरुगदॉस ने भी सलमान पर निशाना साधा था कि वे सेट पर रात 8-9 बजे आते थे, जिससे काम में परेशानी होती थी। अब सलमान खान ने ‘बिग बॉस 19’ के वीकेंड वार एपिसोड में अपने ऊपर लगे इन आरोपों पर करारा पलटवार किया है। इस दौरान स्टैंडअप कॉमेडियन रवि गुप्ता भी स्टेज पर आए और मजाक में कहा कि वे सलमान के सामने आने से घबराते हैं क्योंकि उनकी शक्ल अरिजीत सिंह से मिलती है। इस बात पर सलमान खान जोर से हंस पड़े।
सलमान ने बताई वो फिल्में, जिनपर खुद को कहना पड़ा ‘क्या कर दिया!’
रवि गुप्ता ने सलमान से मजाकिया अंदाज में पूछा, “आपकी कौन सी फिल्म ऐसी है, जिसमें आपको लगा हो, ‘ये क्या कर दिया मैंने!’” इस पर सलमान ने हंसते हुए जवाब दिया, “ऐसी तो कई फिल्में हैं, जैसे ‘निश्चय’, ‘सूर्यवंशी’… कमाल कर दिया है।” भाईजान की बात सुनकर रवि गुप्ता भी हंसते-हंसते खुद को रोक नहीं पाए।
सलमान ने एआर मुरुगदॉस के आरोपों का दिया करारा जवाब
सलमान खान ने ‘सिकंदर’ के निर्देशक एआर मुरुगदॉस द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि “मेरे बारे में कहा जाता है कि मैं सेट पर रात 9 बजे आता था, जिससे काम में दिक्कत होती थी। लेकिन मेरी पसलियां टूटी हुई थीं, इसलिए देरी हुई थी। मेरे डायरेक्टर साहब ने ये बात मानी भी है।” सलमान ने आगे बताया कि हाल ही में मुरुगदॉस की एक फिल्म रिलीज हुई है, जिसमें एक्टर सुबह 6 बजे सेट पर पहुंचता था। उन्होंने कहा कि ये वही मुरुगदॉस हैं, जो पहले साजिद नाडियाडवाला की फिल्म छोड़ चुके हैं। अब उन्होंने ‘मदरासी’ जैसी बड़ी फिल्म बनाई है, जो ‘सिकंदर’ से भी बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई। फिर भी, पता नहीं वे किसके साथ 9 से 10:30 बजे तक शूटिंग कर रहे थे ।
सलमान खान का अनुभव कश्यप पर तंज
सलमान खान ने ‘बिग बॉस 19’ के वीकेंड का वार में अनुभव कश्यप पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “एक और हैं हमारे पास, एक ‘दबंग’ इंसान। इन्होंने सिर्फ मुझे नहीं, आमिर खान को भी लपेट लिया। पिछले वीकेंड मैंने यूं ही पूछा था – ‘काम करो यार, किसी को दिलचस्पी नहीं है।’ आज फिर पूछ रहा हूं – काम मिला क्या भाई?” सलमान ने कहा “ऐसी हरकतों के बाद जब आप हर किसी की बुराई करेंगे, तो जिन-जिन नामों का आप जिक्र कर रहे हैं, वो आपके साथ नहीं जुड़ेंगे और जो भविष्य में जुड़ने वाले थे, वो भी नहीं करेंगे।” उन्होंने यह भी खुलासा किया कि जब अनुभव को दूसरी फिल्म ऑफर की गई थी, उन्होंने खुद मना कर दिया। सलमान ने कहा कि आप जिनकी तारीफ कर रहे थे, उसी की आपने मिट्टी पलीद कर दी। मुझे सिर्फ एक बात का अफसोस है कि आपने खुद को बर्बाद कर लिया।
“अच्छा लिखता है, लेकिन सही राह पकड़ो”
सलमान खान ने बिना नाम लिए अनुभव कश्यप को एक भावुक लेकिन सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा, “अगर किसी के परिवार के पीछे पड़ना है, तो पहले अपने परिवार से जुड़ो। अपने भाई से प्यार करो, माता-पिता का ख्याल रखो, पत्नी-बच्चों को समय दो, इतना तो हर किसी को करना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि “अगर कोई तुम्हें सलाह दे रहा है कि सोच-समझकर बोला करो, तो वो तुम्हारी तरक्की ही चाहता है। मैं तुम्हें आगे बढ़ते हुए देखना चाहता हूं। तुम अच्छा लिखते हो, लेकिन ये जो रास्ता तुमने पकड़ लिया है, ये गली है, वापस हाईवे पर आ जाओ।” सलमान ने अपनी बात को और गहराई देते हुए कहा कि “ऊपर वाला ही तुम्हारे लिए करेगा। मैं खुद रोज सुबह घुटनों पर जाता हूं, लेकिन उसके लिए।”





