नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में फूल माला बेचने वालीं मोनालिसा भोसले की किस्मत पहले ही सोशल मीडिया पर चमक चुकी थी। लेकिन अब जल्द ही उनकी किस्मत का सितारा उन्हें कामयाबी के शिखर पर पहुंचाने वाला है। मोनालिसा को फिल्म में एक्टिंग का ऑफर मिला है। हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म को लेकर एक बॉलीवुड डायरेक्टर उनके घर तक पहुंच गए और उन्हें फिल्म में कास्ट कर लिया।
गौरतलब है कि महाकुंभ मेले में रूद्राक्ष माला बेचने वालीं मोनालिसा अपनी कजरारी और बड़ी-बड़ी आंखों के कारण सुर्खियों में आईं। सोशल मीडिया पर उनके फोटो और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। सोशल मीडिया में वायरल होने से परेशान मोनालिसा को महाकुंभ छोड़कर अपने घर वापस जाना पड़ा था।
निर्देशक ने इंस्टाग्राम हैंडल पर दी जानकारी
हाल ही में मोनालिसा को बॉलीवुड फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने अपनी अपकमिंग मूवी द डायरी ऑफ मणिपुर का ऑफर दिया है। इस संबंध में निर्देशक ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर जानकारी शेयर की है। सनोज ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि नमस्कार दोस्तों, मेरे साथ प्रयागराज की सनसनी (मोनालिसा) हैं। आप लोगों को मैं पहले ही बता चुका हूं कि मैं फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर बनाने जा रहा हूं। इसमें मैंने मोनालिसा को कास्ट कर लिया है। इनकी तलाश में प्रयागराज महाकुंभ गया था, लेकिन ये वहां से अपने घर लौट आईं। इसलिए मैं इनके घर मध्यप्रदेश के महेश्वर गांव में हूं।
सनोज ने आगे लिखा कि मैंने इनकी फैमिली से बात की और बताया कि उनकी बेटी को फिल्म में लेने जा रहा हूं। सच कहूं तो बहुत सीधे-साधे लोग हैं। उम्मीद करता हूं कि मोनालिसा मेरी फिल्म के लिए कड़ी मेहनत करेंगी। इसमें मोनालिसा के साथ एक्टर राजकुमार राव के बड़े भाई अमित राव नजर आएंगे
फिल्म की शूटिंग फरवरी में शुरू होगी
सूत्रों का कहना है कि मोनालिसा का इस फिल्म में किस तरह का रोल होगा, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। लेकिन अटकलें हैं कि वे आर्मी ऑफिसर की बेटी का रोल निभाएंगी। इस फिल्म का बजट करीब 20 करोड़ है। फिल्म की शूटिंग फरवरी में शुरू हो सकती है। गौरतलब है कि सनोज मिश्रा इंडस्ट्री के जाने माने डायरेक्टर हैं। वे फिल्म राम जन्मभूमि, फिल्म द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल तथा फिल्म काशी टू कश्मीर का डायरेक्शन कर चुके हैं।





