नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । सेलिब्रिटी चैट शो ‘टू मच’ के लेटेस्ट एपिसोड ने एक बार फिर दर्शकों को हंसने-हंसाने और चौंकाने का काम किया। ट्विंकल खन्ना और काजोल के होस्टिंग में करण जौहर और जान्हवी कपूर की जबरदस्त केमिस्ट्री ने टीवी स्क्रीन पर रंग जमाए।
खास बात यह रही कि करण जौहर ने हाल ही में वायरल हो रही ओज़ेम्पिक दवा लेने की अफवाहों पर मज़ेदार तंज कसा, तो ट्विंकल ने उनका जमकर मज़ाक उड़ाया।
शो की शुरुआत होते ही ट्विंकल ने करण से कहा, “तुम्हें खिलाने के लिए बहुत सारा खाना चाहिए, क्योंकि तुम हमेशा शिकायत करते रहते हो कि मेरे पास तुम्हारे लिए खाना कम है।” करण ने हँसते हुए कहा, “अगर लोग ऑनलाइन पढ़ेंगे, तो सोचेंगे मैं इसलिए नहीं खाता क्योंकि ओज़ेम्पिक जैसी दवा ले रहा हूँ।”
इस पर ट्विंकल ने हंसते हुए कहा, “अरे, इतना इंजेक्शन मत लगा कि डबल हो जाओ! मम्मी क्या कहेंगी?” करण ने भी चुटकी लेते हुए जवाब दिया, “मम्मी अब तो कुछ नहीं बोलतीं।”
फिर जब खाना पेश हुआ, तो करण ने बताया कि, उन्होंने कब से इतने कार्ब्स नहीं देखे। कत्सु करी को उनकी पसंदीदा डिश बताते हुए करण ने कहा कि यह उन्हें बेहद लुभाती है, तो वहीं जान्हवी कपूर ने पाया करी को अपनी फेवरेट बताया।
बता दें कि, करण की फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन 2024 में सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रही। उन्होंने खुद कहा था कि उनकी फिटनेस का राज़ हेल्दी डाइट और मेहनत है, लेकिन अफवाहें फैल गईं कि वे वज़न घटाने वाली दवाएं ले रहे हैं।
इसी बीच, ओज़ेम्पिक की चर्चा हुई, जो 2017 में अमेरिकी एफडीए द्वारा मंज़ूर की गई एक इंजेक्टेबल दवा है, जो टाइप 2 डायबिटीज़ में ब्लड शुगर कंट्रोल करती है और हाल ही में वज़न कम करने के लिए पॉपुलर हो गई है।
करण और ट्विंकल की ये मज़ाकिया नोकझोंक, जान्हवी की प्यारी मौजूदगी के साथ, शो को और भी रंगीन बना देती है। ‘टू मच’ के इस एपिसोड ने न केवल करण की दिलचस्प बातचीत से दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी धमाल मचा दिया है।




