नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड एक्टर इरफान खान अभिनय की दुनिया के मंझे हुए कलाकार थे। इरफान खान अपने किसी भी किरदार में जान फूंकने का काम करते थे। भले ही आज एक्टर हमारे बीच नहीं है लेकिन उनकी फिल्मों और उनके दिलचस्प किस्सों को लोग आज भी याद करते हैं। कुछ साल पहले ही शो द कपिल शर्मा में इरफान खान ने अपने एक्टिंग करियर से जुड़ा एक किस्सा सुनाया था। इस दिलचस्प किस्से के बारे में आज एक्टर की बर्थ एनिवर्सरी पर जानेंगे।
इरफान खान का जन्म
इरफान खान का जन्म 7 जनवरी 1967 टोंक, राजस्थान में हुआ था। इरफान खान कपिल शर्मा के शो में अपनी फिल्म ‘मदारी’ का प्रमोशन करने आए थे। इस दौरान कपिल शर्मा ने एक्टर के पहले असाइनमेंट के बारे में पूछा। इरफान खान ने कहा, ‘मुझे एक शो में रोल मिल गया। उसमें जो लीड एक्टर था वह फिल्में करने के बाद टीवी में काम करने लगा था। वह फ्रीडम फाइटर का रोल कर रहा था। मेरा एक सीन में दरवाजा नॉक करके कहना था-यू आर अंडर अरेस्ट।’
एक्टर ने बताया पहला एक्सपीरियंस
एक्टर ने आगे बताया कि, ‘मैं बहुत दुबला सा था और वो एक्टर लंबे-चौड़े। मैंने गेट पर नॉक किया और जैसे ही बंदूक आगे किया तो मेरा हाथ हिलने लगा। फिर मैंने डायलॉग बोला। डायरेक्ट बोले कट-कट। सब बोले कि कौन किसको अरेस्ट कर रहा है। इसके बाद लीड एक्टर बोला कि कहां कहां से ले आते हो यार। वो मेरा पहला एक्सपीरियंस था।’
बॉलीवुड में इरफान खान की सुपरहिट फिल्में
इरफान खान बॉलीवुड में कई सुपरहिट फिल्में दे चुके हैं। इसमें मकबूल, द लंच बॉक्स, पान सिंह तोमर, हासिल, द नेमसेक, लाइफ ऑफ पाई, हिंदी मीडियम, तलवार, पीकू, अंग्रेजी मीडियम जैसी सुपरहिट फिल्में शामिल है। इन फिल्मों को लोगों ने भी खूब पसंद किया।
इरफान खान की आखिरी फिल्म
इरफान खान का निधन 29 अप्रैल 2020 में मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में हुआ था। वह बीमारी से लड़ते हुए जिंदगी की जंग हार गए थे। इरफान खान को आखरी बार फिल्म ‘द सॉन्ग ऑफ़ स्कॉर्पियंस’ में देखा गया था। यह फिल्म 28 अप्रैल 2023 में रिलीज हुई थी।





