नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। किरण राव की फिल्म Laapataa Ladies ऑस्कर की रेस से बाहर होने के बाद भारत की उम्मीद अभी भी टूटी नहीं है। मशहूर फिल्म निर्माता और ऑस्कर विजेता गुनीत मोंगा की लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म ‘अनुजा’ ऑस्कर 2025 के लिए शॉर्टलिस्ट हुई है। इसके साथ ही संतोष’ अभी भी बेस्ट इंटरनैशनल फीचर फिल्म की रेस में अभी भी बनी हुई है।
Oscars 2025 से Laapataa Ladies बाहर
इस बार ऑस्कर 2025 में भारत के लिए उम्मीदें अभी बाकी नजर आ रही हैं। हाल ही में ऑस्कर 2025 के लिए जारी की गई शॉर्टलिस्ट की सूची में भारत से गुनीत मोंगा की फिल्म ‘अनुजा’ को चयनित किया गया है। गौरतलब है कि इस बार ‘लापता लेडीज’ को इंटरनेशनल फीचर फिल्म की श्रेणी में ऑस्कर की दौड़ में शामिल किया गया था, लेकिन फिल्म नामांकन से पहले ही रेस से बाहर हो गई।
मास्टरपीस’ और ‘आई एम नॉट अ रोबोट’ समेत 15 नाम शामिल
दुनियाभर की 118 लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्मों में ‘अनुजा’ का सिलेक्शन बड़ी बात है। गुनीत ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी खुशी भी जाहिर की है। उन्होंने इस नामांकन को खुद के लिए बड़ा सम्मान बताया है। गुनीत ‘अनुजा’ की एग्जिक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म की श्रेणी में शॉर्टलिस्ट हुईं अन्य फिल्मों में ‘क्रस्ट’, ‘रूम टेकन’, ‘पेरिस 70’, ‘द लास्ट रेंजर’, ‘द मास्टरपीस’ और ‘आई एम नॉट अ रोबोट’ समेत 15 नाम शामिल हैं।
भारतीय कलाकारों ने दिया है योगदान
ऑस्कर अकादमी सदस्य उज्ज्वल निरगुडकर ने कहा कि भारतीय प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर पहचाना जा रहा है। मुझे खुशी है कि लाइव-एक्शन शॉर्ट फिल्म ‘अनुजा’ को 180 शॉर्ट फिल्मों में चयनित किया गया है। गुनीत मोंगा इस फिल्म की कार्यकारी निर्माता हैं और इसमें कई भारतीय कलाकारों ने योगदान दिया है।
अनाथ बच्ची पर आधारित है कहानी
गुनीत मोंगा कपूर द्वारा निर्मित लाइव-एक्शन शॉर्ट फिल्म ‘अनुजा’ की कहानी वस्त्र उद्योग में बच्चों के श्रम की समस्या को बयां करती है। इसमें एक्टर नागेश भोंसले के अलावा अन्य कलाकारों ने अभिनय किया है। इसकी कहानी 9 साल की एक अनाथ बच्ची अनुजा की है, जो अपनी 17 साल की बहन पलक के साथ एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करने के लिए स्कूल छोड़ देती है। इसके बाद उसकी किस्मत क्या करवट लेती है, फिल्म में उसके बाहरी और आंतरिक संघर्ष को दिखाया गया है।
ओटीटी पर खूब चली लापता लेडीज
‘लापता लेडीज’ 2000 के दशक की शुरुआत में ग्रामीण भारत पर आधारित फिल्म है। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी थी, लेकिन ओटीटी पर इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। इस फिल्म की पटकथा और संवाद स्नेहा देसाई ने लिखे हैं।




