नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। इस खबर के बाद फैंस की चिंता बढ़ गई और सभी जानना चाहते हैं कि ‘ही-मैन’ को क्या हुआ। अस्पताल में एक्टर के साथ उनका पूरा परिवार मौजूद है। वहीं अब धर्मेंद्र की टीम ने हेल्थ अपडेट साझा कर बताया है कि उनकी हालत कैसी है और किस वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। तो चलिए, जानें कि अब धर्मेंद्र की तबीयत कैसी है।
धर्मेंद्र की टीम ने दिया हेल्थ अपडेट, फैंस को मिली राहत
धर्मेंद्र की टीम ने मीडिया को बताया कि किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है। उम्र के हिसाब से एक्टर का समय-समय पर रूटीन हेल्थ चेकअप होता है और इस बार भी यही कारण था कि उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। टीम ने साफ किया कि धर्मेंद्र पूरी तरह से स्वस्थ हैं। अस्पताल जाते हुए उन्हें देखने के बाद यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। फैंस की चिंता स्वाभाविक है क्योंकि वे एक्टर को बेहद प्यार करते हैं, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है और स्वास्थ्य में कोई समस्या नहीं है। धर्मेंद्र के स्वस्थ होने की जानकारी के बाद अब सभी फैंस को राहत मिल गई है।
https://www.instagram.com/p/DQecv9PjHFs/?utm_source=ig_embed&ig_rid=8c36ff8f-4027-4d48-bea2-44c6de2aaff5
दिसंबर में मनेगा 90वां बर्थडे
धर्मेंद्र का अस्पताल जाना उनकी नियमित हेल्थ रूटीन का हिस्सा है। उम्र को ध्यान में रखते हुए उनके बेटे बॉबी देओल और सनी देओल उनकी सेहत का खास ख्याल रखते हैं। टीम ने बताया कि एक्टर पूरी तरह फिट और स्वस्थ हैं। हाल ही में भी वे रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल गए थे। बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ की उम्र अब 89 साल है और दिसंबर में उनका 90वां बर्थडे होने वाला है। बढ़ती उम्र को देखते हुए उनका परिवार उनके स्वास्थ्य का पूरा ध्यान दे रहा है।
इस फिल्म में दिखेंगे धर्मेंद्र
धर्मेंद्र की अगली फिल्म ‘इक्कीस’ फिलहाल काफी चर्चाओं में है। इस फिल्म में वे एक आर्मी अफसर के पिता के किरदार में दिखाई देंगे। श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अगस्त्य नंदा, सिमर भाटिया और जयदीप अहलावत भी लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उन्होंने मात्र 21 साल की उम्र में देश के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी थी।





