नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। टीवी की मशहूर एक्ट्रेस हिना खान ब्रेस्ट कैंसर की जंग लड़ रही हैं। इस बीमारी से बाहर आने के लिए एक्ट्रेस अपना इलाज कर रही हैं। ब्रेस्ट कैंसर के इलाज के लिए एक्ट्रेस की पांचवी कीमोथेरेपी चल रही है, जिसके कारण वो दर्द और इसके साइड इफेक्ट्स से गुजर रही हैं। हिना खान ने एक नया पोस्ट शेयर किया है जिसमें उन्होंने फैंस की राय मांगी है और दुआ करने के लिए कह रही हैं।
हिना खान ने किया पोस्ट
सोशल मीडिया पर हिना खान का पोस्ट खूब वायरल हो रहा है। एक्ट्रेस ने लिखा, ‘कीमोथेरेपी का एक और साइड इफेक्ट म्यूकोसाइटिस है। मैं इसके लिए डॉक्टर की सलाह को फॉलो कर रही हूं। लेकिन आपमें से अगर कोई इससे गुजरा है या फिर इस बारे में जानता है तो उपयोगी उपचार बताएं।’ हिना खान ने बताया है कि खाने-पीने के दौरान उन्हें काफी मुश्किल होती है। एक्ट्रेस ने पोस्ट शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘प्लीज सजेस्ट। दुआ।’
एक्ट्रेस को फैंस ने दी सलाह
हिना खान ने इस साइड इफेक्ट को लेकर अपने फैंस से राय मांगी थी। इसके बाद फैंस पोस्ट पर जमकर कमेंट कर रहे हैं अपने अनुभव से उपचार भी बता रहे हैं। एक ने लिखा, ‘नरम खाना और प्रोटीन से भरा खाना खाएं।’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘जल्दी ठीक हो जाओ। आपके लिए प्रार्थना कर रहा हूं।’ हर कोई उनकी सेहत के लिए दुआ मांग रहा है। तीसरे यूज़र ने लिखा, ‘इलाज करवाओ, एक बुरी सलाह से हालात बिगड़ सकते हैं।’
एक्ट्रेस देती रहती हैं हेल्थ अपडेट
हिना खान समय-समय पर अपनी हेल्थ अपडेट फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। शुरुआत में भी एक्ट्रेस ने अपनी बीमारी के बारे में इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए फैंस को बताया था। इसके बाद एक्ट्रेस को फैंस और सेलेब्स हिम्मत दे रहे हैं। हालांकि, इस समय हिना खान कीमोथेरेपी के दर्दनाक इलाज से गुजर रही हैं।





