नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ के विनर एल्विश यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उनके गुरुग्राम स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी थी। रविवार सुबह कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनके घर पर गोलियां चलाई थीं। इस मामले में अब बड़ी कार्रवाई हुई है। फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी इशांत उर्फ इशू गांधी ने भागने की भरपूर कोशिश की और ऑटोमैटिक पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग भी की। इसके बावजूद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए उसे दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
17 अगस्त की सुबह यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर के बाहर दो नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 25–30 राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि घटना के समय एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे। यह पूरी वारदात एल्विश के आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फायरिंग के कुछ समय बाद ही गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया ने इस हमले की जिम्मेदारी ली।
हिमांशु की गैंग से जुड़े राव इंद्रजीत नामक एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि फायरिंग नीरज फरीदपुरिया और भाऊ रितोलिया ने की है। उसी पोस्ट में एल्विश यादव पर जुए को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया गया और चेतावनी दी गई कि ऐसा करने वालों को गोली या धमकी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, इस सोशल मीडिया पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गई।
फायरिंग के बाद एल्विश यादव ने दी थी प्रतिक्रिया
गुरुग्राम स्थित अपने घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद यूट्यूबर एल्विश यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “आपकी शुभकामनाओं के लिए मैं तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं। मैं और मेरा परिवार सुरक्षित और ठीक हैं। हमारे लिए आपकी चिंताओं के प्रति हम सचमुच में बेहद आभारी हैं। धन्यवाद।” एल्विश का यह संदेश उनके फॉलोअर्स और प्रशंसकों के लिए राहत की खबर लेकर आया, जो घटना के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे।




