नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दिल्ली की तिस हजारी कोर्ट से टीवी अभिनेता आशीष कपूर को बड़ी राहत मिली है। गैंगरेप मामले में पुणे से गिरफ्तारी और पुलिस पूछताछ के बाद वे न्यायिक हिरासत में थे, लेकिन अब कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है। गैंगरेप के गंभीर मामले में फंसे इस अभिनेता की रिहाई की खबर ने हर किसी का ध्यान खींच लिया है।
अदालत ने जमानत पर सुनवाई करते हुए साफ कहा कि आरोपी की अब जांच में कोई आवश्यकता नहीं बची है। इसके साथ ही कोर्ट ने आदेश दिया कि उन्हें 1 लाख रुपये की जमानत राशि और समान जमानती के साथ रिहा किया जाए। यह फैसला न सिर्फ कानूनी पहलू से, बल्कि सामाजिक नजरिए से भी बेहद अहम माना जा रहा है।
कोर्ट ने अपने आदेश में क्या कहा-
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 10 सितंबर को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश भूपिंदर सिंह ने अभिनेता आशीष कपूर को जमानत दे दी। अदालत ने शर्त रखी कि कपूर को 1 लाख रुपये की जमानत राशि जमा करनी होगी और उतनी ही रकम का एक जमानती भी प्रस्तुत करना होगा। कोर्ट ने अपने आदेश में यह स्पष्ट किया कि कपूर अब जांच में आवश्यक नहीं हैं और उनके समाज में स्थायी निवास के साथ-साथ साफ-सुथरे रिकॉर्ड को देखते हुए जमानत दी जा रही है।
पुलिस कस्टडी और जांच पर कोर्ट की टिप्पणी
दरअसल, पुलिस ने आरोपी की 5 दिन की न्यायिक हिरासत की मांग की थी, लेकिन पहले न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सिर्फ 4 दिन की अनुमति दी थी। अदालत ने नोट किया कि पुलिस ने आरोपी को तीन दिन में ही वापस पेश कर दिया, जिससे मामला थोड़ी जल्दी ही कोर्ट के सामने आ गया।
अदालत ने कहा कि, पुलिस ने जांच में कई अहम कदम नहीं उठाए, जैसे मोबाइल फोन की बरामदगी या कानून के अनुसार तलाशी लेना। इसके अलावा, रिकॉर्ड में कोई संकेत नहीं है कि आरोपी ने पुलिस के साथ सहयोग नहीं किया। अदालत ने इस बात को जमानत के फैसले में महत्वपूर्ण आधार माना।
जानें पूरा मामला
टीवी अभिनेता आशीष कपूर को 2 सितंबर 2025 को पुणे, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया था, जबकि उनके खिलाफ FIR 11 अगस्त 2025 को दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एक पार्टी के दौरान उनके पेय में नशीला पदार्थ मिलाया गया, जिसके बाद उन्हें बेहोश कर वॉशरूम में ले जाकर समूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस पूछताछ के बाद, 6 सितंबर को कोर्ट ने कपूर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
TV का चर्चित चेहरा है आशीष
आशीष कपूर TV की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्होंने TV के अलावा कई फिल्मों में भी अपनी छाप छोड़ी है और उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोविंग है। TV पर उन्होंने सरस्वतीचंद्र, लव मैरिज या अरेंज्ड मैरिज, चांद छुपा बादल में, ससुराल सिमर का 2, सात फेरे सलोनी का सफर, देखा एक ख्वाब, ये रिश्ता क्या कहलाता है सहित कई लोकप्रिय शोज़ में काम किया है। इसके अलावा, उन्होंने टेबल नंबर 21 और कुर्बान जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है।





