नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । अश्नीर ग्रोवर इन दिनों अपने रिएलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें वह बतौर होस्ट नजर आ रहे हैं। इस शो में कई सेलेब्स कंटेस्टेंट्स बनकर हिस्सा ले रहे हैं, लेकिन हाल ही में अश्नीर के एक बयान ने सबका ध्यान खींचा है। एक इंटरव्यू के दौरान अश्नीर ने कहा कि रिएलिटी शो कंटेस्टेंट्स के लिए ज्यादा फोकस्ड होना चाहिए, ना कि उस स्टार के लिए जो बस उसे होस्ट कर रहा है। अब उनके इस स्टेटमेंट को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या उन्होंने सलमान खान के लिए ये तंज कसा है?
क्या अश्नीर ग्रोवर का इशारा सलमान खान की तरफ ?
सलमान खान और अश्नीर ग्रोवर के बीच कोई खास बॉन्ड नहीं माना जाता और अब अश्नीर के हालिया बयान ने इस दूरी को और चर्चा में ला दिया है। शोशा से बातचीत के दौरान अश्नीर ने कहा कि “रिएलिटी शोज कंटेस्टेंट्स के लिए होने चाहिए, लेकिन भारत में हमारे कई बड़े शो ऐसे हैं, जहां फोकस बड़े स्टार्स पर ज्यादा होता है, कंटेस्टेंट्स पर कम।” उन्होंने आगे कहा कि “भाई, आप तो वीकेंड में आ रहे हो। जो 24 घंटे लगे रहे हैं, वो तो कंटेस्टेंट है ना।” हालांकि अश्नीर ने सलमान खान का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि निशाना सीधे तौर पर बिग बॉस और उसके वीकेंड होस्ट सलमान की तरफ ही था।
अश्नीर ने यह भी कहा, “जो पावर है बैलेंस का, वो कंटेस्टेंट्स के पास होना चाहिए, ना कि कोई और उसे हाइजैक कर ले, जो सिर्फ वीकेंड पर आता हो।” इस बयान के बाद अब दर्शकों और इंडस्ट्री के बीच बहस छिड़ गई है कि क्या अश्नीर ने वाकई सलमान खान के होस्टिंग स्टाइल पर सवाल उठाया है, या ये सिर्फ एक सामान्य रिएलिटी शो की सोच थी?
बिग बॉस में सलमान ने अश्नीर को दिए थे करारे ताने
एक बार अश्नीर ग्रोवर बिग बॉस के सेट पर गेस्ट के तौर पर पहुंचे थे। उस दौरान सलमान खान ने अश्नीर की जमकर क्लास लगाई थी, क्योंकि अश्नीर ने अपने शो में सलमान के खिलाफ कुछ बातें कही थीं। शो के टेलिकास्ट के बाद अश्नीर ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए कहा था, “आशा है आपको वीकेंड का वार पसंद आया हो। सलमान जानते हैं बिग बॉस में क्या काम करता है। मैंने हमेशा सलमान की तारीफ की है और कभी भी उनके खिलाफ गलत बात नहीं कही।” अश्नीर ग्रोवर ने कहा कि उनका इरादा उनका अपमान करने का नहीं था।





