नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बॉक्स ऑफिस पर इस सप्ताह तीन बड़ी फिल्मों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। फरहान अख्तर की ‘120 बहादुर’ और विवेक ओबेरॉय–रितेश देशमुख-आफताब शिवदासानी स्टारर ‘मस्ती 4’ अपनी रिलीज के बाद से ही रफ्तार पकड़ने में नाकाम साबित हो रही हैं। इसके उलट अजय देवगन की रोमांटिक कॉमेडी ‘दे दे प्यार दे 2’ दर्शकों का दिल जीतते हुए लगातार मजबूत कमाई कर रही है और अब यह फिल्म 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी है।
‘120 बहादुर’ की कहानी दमदार पर कमाई कमजोर
135 करोड़ रुपये की भारी भरकम लागत में बनी फरहान अख्तर की ‘120 बहादुर’ रेजांग ला की ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित है। साल 1962 में 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 वीर जवानों ने 3000 चीनी सैनिकों का डटकर मुकाबला किया था। फिल्म की कहानी भले ही जोश भर देती हो लेकिन कमाई के मोर्चे पर यह उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही।
बुधवार कलेक्शन: 1.00 करोड़
कुल इंडिया नेट कलेक्शन: 14.00 करोड़
वर्ल्डवाइड कलेक्शन (6 दिन): लगभग 18 करोड़
लागत की तुलना में फिल्म का प्रदर्शन बेहद चिंताजनक माना जा रहा है।
‘मस्ती 4’ की रफ्तार धीमी लेकिन ‘120 बहादुर’ से आगे
इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी ‘मस्ती 4’ तीन दोस्तों की कॉमिक मस्ती और उससे पैदा हुई मुश्किलों की कहानी है। करीब 40 करोड़ के बजट वाली यह फिल्म भले ही बड़ी हिट नहीं दिख रही लेकिन ‘120 बहादुर’ की तुलना में इसकी स्थिति बेहतर है।
बुधवार कलेक्शन: 1.15 करोड़
कुल इंडिया नेट कलेक्शन: 12.85 करोड़
वर्ल्डवाइड (6 दिन): लगभग 16 करोड़
धीमी शुरुआत के बावजूद ‘मस्ती 4’ ने ‘120 बहादुर’ को पछाड़ दिया है।
‘दे दे प्यार दे 2’ की शानदार कमाई-100 करोड़ क्लब में एंट्री
अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह की ‘दे दे प्यार दे 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है। 27 साल की लड़की और उससे दोगुनी उम्र के तलाकशुदा व्यक्ति की प्रेम कहानी दर्शकों को खूब भा रही है। 13 दिन बाद भी फिल्म की रफ्तार कायम है।
बुधवार कलेक्शन: 1.25 करोड़
इंडिया नेट कलेक्शन: 66.25 करोड़
वर्ल्डवाइड कलेक्शन (12 दिन): 100.15 करोड़,
इस आंकड़े के साथ फिल्म ने ‘120 बहादुर’ और ‘मस्ती 4’ दोनों को पीछे छोड़ दिया है।
कौन आगे कौन पीछे-
‘दे दे प्यार दे 2’ लगातार सुपरफॉर्म में है और 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है। जबकि ‘मस्ती 4’ लागत के मुकाबले धीरे धीरे संभलती हुई नजर आ रही है। वहीं, ‘120 बहादुर’ बेहतरीन विषय के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर फेल होती दिख रही है। आगे आने वाले वीकेंड में ये तीनों फिल्में किस दिशा में जाती हैं यह देखने वाली बात होगी।





