नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। बॉलीवुड में कई कलाकार ऐसे होते हैं जिनके अंदर टैलेंट तो बहुत होता है लेकिन वो अक्सर सह कलाकार के रूप में ही नजर आते हैं। राजपाल यादव और विजय राज जैसे सेलेब्स ने सह कलाकार के तौर पर अपनी एक खास पहचान बनाई है, लेकिन जब बात अभिनेत्रियों की होती है, तो दिव्या दत्ता का नाम हमेशा लिया जाता है। दिव्या 25 सितंबर को अपना जन्मदिन मना रही हैं। आइए, उनके करियर पर एक नजर डालते हैं।
दिव्या ने जीता नेशनल अवॉर्ड
दिव्या दत्ता ने अपने करियर की शुरुआत 1994 में की थी। वो पहली बार फिल्म इश्क में जीना इश्क में मरना में नजर आईं। उनके पास न सिर्फ बेहतरीन टैलेंट था, बल्कि उन्होंने कई भाषाओं पर भी महारत हासिल की। दिव्या ने हिंदी, पंजाबी, अंग्रेजी, तेलुगू, तमिल और मलयालम जैसी भाषाओं में काम किया। हालांकि उन्होंने लीड रोल कम निभाए, लेकिन सह कलाकार के तौर पर उन्होंने ऐसी छाप छोड़ी कि दर्शक उन्हें याद रखते हैं।
14 साल बाद, दिव्या ने फिल्म इरादा के लिए नेशनल अवॉर्ड जीता, जो हर कलाकार का सपना होता है।
मॉडलिंग और डबिंग
दिव्या ने एक समय पर मॉडलिंग भी की थी और कई टीवी कमर्शियल्स में काम किया। इसके अलावा, उन्होंने डबिंग भी की है। उन्होंने एक्ट्रेस लीसा रे के लिए हिंदी में डबिंग की, जब लीसा की हिंदी अच्छी नहीं थी।
अमिताभ बच्चन की फैन
दिव्या को बचपन से एक्टिंग का बहुत शौक था, और वे अमिताभ बच्चन की बड़ी फैन थीं। वे उनके गाने खइके पान बनारसवाला पर खूब डांस करती थीं और उसी दौरान उन्होंने एक्टिंग सीखी। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उस गाने पर डांस करते हुए वे अपने होठों को लाल करने के लिए लिप्स्टिक का इस्तेमाल करती थीं।
आज दिव्या ने कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है और OTT प्लेटफॉर्म पर भी अपनी एक्टिंग से सबका दिल जीत लिया है। उन्हें स्पेशल ऑप्स और होस्टेजेस 2 में देखा जा चुका है।





