नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। डायरेक्टर अनुराग कश्यप इन दिनों अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने ब्राह्मणों को लेकर कुछ ऐसा कह दिया था कि जिसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई और वे विवादों के घेरे में आ गए। इसके बाद उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी मिली। अब उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर अपना गुस्सा निकालते हुए इस मामले में माफी मांग ली है।
फुले को लेकर ये है विवाद
डायरेक्टर अनुराग कश्यप अपनी अपकमिंग फिल्म ‘फुले’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद ब्राह्मण समुदाय ने आरोप लगाया कि यह फिल्म उन्हें निगेटिव तरीके से दिखाया गया है। विवाद बढ़ता देख CBFC ने रिलीज डेट आगे बढा दी। वहीं कुछ बदलाव के आदेश भी दिए। यह फिल्म समाज सुधारक की जोड़ी ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले की जिंदगी पर आधारित है। इस फिल्म को लेकर अनुराग विवादों में हैं और ये विवाद तब शुरू हुआ जब मूवी पर जातिवाद फैलाने का आरोप लगा।
अनुराग ने दिया था ये विवादित बयान
अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर फुले विवाद पर अपना रिएक्शन दिया था । उन्होंने लिखा था कि उनकी जिंदगी का पहला नाटक ज्योतिबा और सावित्री बाई फुले पर था। उन्होंने सवाल करते हुए लिखा था कि अगर देश में जातिवाद ना होता तो उन्हें लड़ने की क्या जरूरत थी? अनुराग ने पोस्ट में आगे लिखा था कि अब ये ब्राह्मण लोगों को शर्म आ रही है या फिर वो शर्म में मरे जा रहे हैं या फिर एक अलग ब्राह्मण भारत में हैं, जिसे कोई देख नहीं पा रहा। निर्देशक ने कहा कि बेवकूफ कौन है ये कोई तो समझाए।
आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज कराई है
इस बयान की वजह से निर्देशक बुरा फंस गए। उनके खिलाफ FIR तक हो गई, साथ ही उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने और यौन उत्पीड़न की धमकियां मिल रही हैं। वहीं डायरेक्टर के इस विवादित बयान पर बॉम्बे हाईकोर्ट के एक वकील ने मुंबई पुलिस में आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज कराई है।
बाद में अनुराग ने मांग ली माफी
अपने बयान पर मचे बवाल के बाद अनुराग कश्यप ने बीती रात एक पोस्ट शेयर कर माफी मांग ली है। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि यदि गाली देना है तो सिर्फ उन्हें दें, ना कि उनके परिवार को। कही हुई बात वापस नहीं ली जा सकती और ना लूंगा मुझसे माफी ही चाहिए तो ये मेरी माफी है। ब्राह्मण लोग औरतों को बख्श दो, इतना संस्कार तो शास्त्रों में भी है, सिर्फ मनुवाद में नहीं है। आप कौन से ब्राह्मण हो तय कर लो। बाकी मेरी तरफ से माफी। डायरेक्टर ने इस पोस्ट को शेयर करने के साथ ही कैप्शन भी लिखा, ‘मनुवादियों और गैर संस्कारी ब्राह्मणों के लिए माफी।’





