नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपने सुपरहिट किरदार पठान के रूप में वापसी करने की तैयारी में हैं। 2023 में चार साल के लंबे ब्रेक के बाद शाहरुख ने पठान के साथ धमाकेदार वापसी की थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया।
दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम स्टारर इस एक्शन थ्रिलर ने ना केवल YRF स्पाई यूनिवर्स को नया आयाम दिया, बल्कि सलमान खान के टाइगर के साथ इसका क्रॉसओवर भी दर्शकों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं था।
रॉ एजेंट के रुप में नजर आ सकते शाहरुख खान
अब खबर है कि यशराज फिल्म्स की आने वाली फिल्म अल्फा में शाहरुख खान एक बार फिर रॉ एजेंट पठान के रूप में नजर आ सकते हैं। यह फिल्म आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की जोड़ी के साथ YRF स्पाई यूनिवर्स का सातवां इंस्टॉलमेंट होगी। खास बात यह है कि अल्फा इस यूनिवर्स की पहली फीमेल-लीड एक्शन फिल्म मानी जा रही है।
शाहरुख के पास स्पेशल कैमियो का ऑफर
फिल्म से जुड़े करीबी सूत्रों के अनुसार, YRF के हेड आदित्य चोपड़ा ने शाहरुख खान को इस फिल्म में एक स्पेशल कैमियो के लिए अप्रोच किया है। बताया जा रहा है कि उनके लिए एक खास सीक्वेंस लिखा गया है, जो आगे चलकर पठान 2 की राह तैयार करेगा। हालांकि, शाहरुख ने इस प्रस्ताव पर विचार करने के लिए कुछ समय मांगा है, क्योंकि वह फिलहाल अपनी अगली फिल्म किंग की शूटिंग में व्यस्त हैं।
फिलहाल, शाहरुख फिल्म किंग में है व्यस्त
किंग में शाहरुख अपनी बेटी सुहाना खान और दीपिका पादुकोण के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। सूत्रों की मानें तो शाहरुख ने नवंबर का महीना इस फिल्म के लिए रिज़र्व किया है, लेकिन वह अल्फा के लिए अपने शेड्यूल में थोड़ा फेरबदल करने की कोशिश कर रहे हैं।
सूत्र ने आगे बताया, “शाहरुख अगले 7-10 दिनों में अपनी मौजूदगी कन्फर्म कर सकते हैं। अगर कैमियो का रोल विस्तृत नहीं हुआ, तो वह फिल्म के एंड-क्रेडिट सीक्वेंस में जरूर नजर आएंगे।”
सलमान खान की भी हो रही चर्चा
दिलचस्प बात यह भी है कि सलमान खान उर्फ टाइगर को भी फिल्म से जोड़े जाने की चर्चा है। टीम का मानना है कि अगर कैमियो का इम्पैक्ट पठान जितना दमदार हुआ, तो भाईजान को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
देखने के लिए रोमांचित दर्शक
फिलहाल दर्शक इस बात को लेकर रोमांचित हैं कि क्या दो सबसे बड़े स्पाई पठान और टाइगर एक बार फिर एक साथ पर्दे पर दिखेंगे। अनिल कपूर और बॉबी देओल की अहम भूमिकाओं से सजी अल्फा इस साल क्रिसमस पर रिलीज़ होने जा रही है, और दर्शक पहले से ही इसके लिए बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।




