नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। देश की राजधानी इस बार दशहरे पर इतिहास रचेगी, जब बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल लाल किले के मैदान में रावण का दहन करेंगे। हर साल लाखों लोगों की भीड़ जुटाने वाली लव-कुश रामलीला में इस बार बॉलीवुड की चमक-दमक भी देखने को मिलेगी। 2 अक्टूबर 2025 को होने वाले इस भव्य आयोजन में बॉबी देओल की मौजूदगी से माहौल और भी खास हो जाएगा। रामलीला समिति के मुताबिक, अभिनेता ने खुद इस ऐतिहासिक परंपरा का हिस्सा बनने की इच्छा जताई और आयोजकों का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
“दिल्ली की रामलीला में आ रहा हूं…”
आयोजन से पहले जारी एक वीडियो संदेश में बॉबी देओल ने कहा, “इस बार मैं दिल्ली की रामलीला में आ रहा हूं। तो मिलते हैं दशहरे पर अभिनेता की यह घोषणा सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जिससे दर्शकों में गज़ब का उत्साह है।
“परंपरा से ग्लैमर का मिलन होगा”
लव-कुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया, “हमारी कोशिश रहती है कि रामलीला को नई पीढ़ी से जोड़ा जाए। बॉबी देओल जैसे लोकप्रिय अभिनेता की मौजूदगी युवाओं को इस परंपरा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने आगे कहा, यह सिर्फ रावण दहन नहीं, बल्कि अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है। और जब इस संदेश को बॉबी देओल जैसा अभिनेता मंच से देगा, तो उसका प्रभाव और भी गहरा होगा।
लाल किले की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में रावण दहन
दिल्ली का लाल किला मैदान सिर्फ एक ऐतिहासिक स्मारक नहीं, बल्कि हर साल भारत की सांस्कृतिक परंपराओं का गवाह बनता है। लव-कुश रामलीला यहीं पर आयोजित होती है और दशहरे के दिन यहां रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतलों का दहन किया जाता है। इस आयोजन में हर साल लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं, लेकिन इस बार बॉबी देओल की मौजूदगी से भीड़ का आंकड़ा नया रिकॉर्ड बना सकता है।
जानकारी
तारीख: 2 अक्टूबर 2025
स्थान: लाल किला मैदान, पुरानी दिल्ली
आयोजन: लव-कुश रामलीला समिति द्वारा रावण दहन
विशेष मेहमान: अभिनेता बॉबी देओल
निमंत्रण स्वीकार: बॉबी देओल ने रामलीला कमेटी का आमंत्रण स्वीकार किया है।
बॉलीवुड सितारों की भागीदारी से धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को नया जीवन मिलता है। बॉबी देओल की यह उपस्थिति महज एक सेलिब्रिटी शो नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए यह संदेश भी है। धर्म, परंपरा और आधुनिकता एक साथ चल सकते हैं।





