नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिग बॉस 19 के फिनाले से पहले घर में हंगामा बढ़ गया है। सलमान खान के होस्टेड रियलिटी शो में घर के बचे 8 कंटेस्टेंट्स ट्रॉफी जीतने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन टिकट टू फिनाले की रेस में कुछ ऐसा हुआ कि फैंस एविक्शन की मांग करने लगे हैं। इस रेस में फरहाना भट्ट, गौरव खन्ना, प्रणित मोरे और अशनूर कौर शामिल थे। घर में उनके बीच टास्क के दौरान जो हंगामा हुआ, उसने दर्शकों को काफी नाराज कर दिया।
अशनूर कौर की हरकत से फैंस भड़के
बिग बॉस 19 के घर में फिनाले से पहले “टिकट टू फिनाले” टास्क के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस टास्क में अशनूर कौर हार गईं और अपनी नाराजगी में लकड़ी के तख्ते से तान्या मित्तल को हिट कर दिया। अशनूर ने बाद में कहा कि यह गलती से हुआ, लेकिन घटना के बाद घर में तान्या और अशनूर के बीच झगड़ा भी हो गया। तान्या ने कहा कि उनकी असलियत पूरा देश देख रहा है और अशनूर को अपनी गलती का एहसास तक नहीं है। सोशल मीडिया पर यह घटना तेजी से वायरल हुई और फैंस अशनूर के खिलाफ भड़के हुए हैं। अब दर्शकों की ओर से उनके एविक्शन की मांग जोर पकड़ रही है, क्योंकि लोग मानते हैं कि ऐसे व्यवहार को बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए।
हिंसक हरकत पर अशनूर कौर को शो से बाहर करने की मांग
सोशल मीडिया पर फैंस ने अशनूर की आलोचना करते हुए उनके एविक्शन की मांग की। एक यूजर ने कहा, “अशनूर को तुरंत शो से बाहर करना चाहिए। तान्या को मारने के बाद उसका पछतावा का भाव भी नहीं था।” वहीं, एक और यूजर ने लिखा, “अगर पासा पलटा होता तो टीवी स्टार अशनूर के समर्थन में ट्वीट कर रहे होते। उसने जानबूझकर तान्या को मारा और कोई अफसोस नहीं दिखाया।” कई दर्शक इसे जानबूझकर किया गया हिंसक एक्ट बता रहे हैं और कह रहे हैं कि ये बिग बॉस में वॉयलेंस नियमों के खिलाफ है। अब देखना यह होगा कि अशनूर को इस पर क्या सजा मिलती है या नहीं।




