नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । सलमान खान के बिग बॉस 19 के घर में नए-नए ड्रामे को लेकर चर्चा है। और फैंस नए सीजन में होने वाले ड्रामा, ट्विस्ट और सरप्राइज का भरपूर एजॉय कर रहे है। बिग बॉस 19 के इस मंच पर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर आमाल मलिक ने अपने जीवन की कई अनकही और चौंकाने वाली बातें साझा की।
कंपोजर और सिंगर आमाल मलिक ने बताया कि, उनके बचपन और परिवार में जो दर्द और संघर्ष रहा, वह उनके लिए हमेशा एक गहरा ट्रॉमा रहा। खासकर तब, जब उनकी माँ उनके साथ प्रेग्नेंट थीं, तब उनके पिता दाबू मलिक के परिवार वालों ने उनके साथ बेहद बुरा व्यवहार किया। इस समय आमाल के पिता एक संयुक्त परिवार में रहा करते थे। आमाल ने कहा, इस दौरान “मेरी माँ ने सब कुछ सहा ताकि हम आज इस मुकाम पर पहुँच सकें।”
आमाल मलिक ने चाचा को लेकर किया बड़ा खुलासा
आमाल और उनके चाचा अनु मलिक के रिश्ते हमेशा चर्चा में रहे हैं। शो के दौरान, आमाल ने खुलासा किया कि अनु मलिक ने उनके पिता के करियर को कभी सफलता नहीं दिलाने दिया और उन्हें कई मौकों से अलग रखा। आमाल ने याद किया कि जिस साल उन्होंने ‘सूरज डूबा है’ से डेब्यू किया, उसी साल उनके चाचा ने ‘मोह मोह के धागे’ जैसे हिट गाने दिए। लेकिन उनके लिए सबसे बड़ा झटका तब आया, जब उनके पिता के गाने का क्रेडिट नहीं दिया गया।
आमाल ने बताया, “मैंने अपने पिता को सालों तक बेबस और निराश देखा। एक गाना रिकॉर्ड करने के लिए उन्हें स्टूडियो बुलाया गया, लेकिन असल में यह सिर्फ एक पुराने गाने की नकली रिकॉर्डिंग थी, उदित नारायण की आवाज के साथ।”
आमाल ने अनु मलिक को बुरा इंसान बताया
आमाल ने कहा कि उनके चाचा का यह व्यवहार उनके पिता के लिए हमेशा समझना मुश्किल रहा। जब होस्ट बेसिर अली ने इसके बारे में पूछा, आमाल ने अनु मलिक को बुरा इंसान बताया और कहा कि उनके पिता इस धोखे से कभी उबर नहीं पाए। आमाल ने यह भी याद किया कि बचपन में उनका परिवार पहले बेहद करीब था, लेकिन चाचा और उनकी पत्नी के कारण रिश्तों में दरार आ गई। आमाल ने कहा, ‘पत्नी बड़ी समस्या होती है।’
उनके चाचा ने अकेला सड़क पर छोड़ा
सिर्फ करियर ही नहीं, आमाल ने अपने बचपन की एक बेहद दुखद घटना का भी जिक्र किया। जब वे सिर्फ सात साल के थे, तब उन्हें उनके चाचा के परिवार ने सड़क पर अकेला छोड़ दिया। आमाल ने बताया कि, पानी उनकी छाती तक था, वे रो रहे थे और पूरी कार उन्हें छोड़कर चली गई। अंततः उनके पिता के दोस्त की पत्नी ने उन्हें देखा और घर छोड़ दिया।
मां की तारीफ में क्या बोले आमाल
आमाल ने कहा, “इसी घटना ने मेरे मन में घाव छोड़ दिया। लोग कहते हैं मैं बहुत गुस्सा करता हूँ, और सच में यह मेरा दर्द है।” आमाल ने अपनी माँ की भी तारीफ की, जिन्होंने गर्भावस्था के दौरान परिवार के कठिन व्यवहार को सहा। उन्होंने कहा, “मेरी माँ ने गुस्से और परेशानी के बीच हमारे लिए सब कुछ सहा और आज हमारी सफलता का रास्ता खोला।”




