नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । ‘बिग बॉस 19’ का सफर अब हर हफ्ते नया मोड़ ले रहा है। इसी बीच शो की कंटेस्टेंट रहीं कुनिका सदानंद घर से बेघर होकर बाहर आ चुकी हैं। बाहर आते ही उन्होंने मीडिया से खुलकर बातचीत की और बताया कि इस सीजन वह किसे ट्रॉफी जीतते हुए देखना चाहती हैं। इंटरव्यू के दौरान वह दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को याद करते हुए भावुक भी हो गईं।
कुनिका ने लिया विनर का नाम
एविक्शन के बाद दिए इंटरव्यू में कुनिका ने साफ कहा कि इस बार ‘बिग बॉस 19’ की ट्रॉफी जिस कंटेस्टेंट को मिल सकती है, वह हैं फरहाना भट्ट। उनका कहना है कि फरहाना में खेल को समझने की क्षमता है, वह मजबूत दिमाग से खेल रही हैं और लगातार खुद को साबित कर रही हैं। इसलिए उन्हें लगता है कि फरहाना खिताब की सबसे प्रबल दावेदार हैं।उन्होंने यह भी कहा कि शहबाज पर बहन शहनाज गिल की सफलता का दबाव साफ दिखता है। इसी कारण वह शहबाज को जल्द फिल्मों में देखना चाहती हैं-खासतौर पर कॉमेडी रोल्स में, जहां उनका नेचुरल टाइमिंग खूब जमती है।
धर्मेंद्र को याद कर छलके जज्बात
बातचीत के दौरान जैसे ही धर्मेंद्र का जिक्र आया, कुनिका की आवाज भावुक हो गई। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र ऐसे स्टार थे, जो हर पीढ़ी के कलाकारों से आसानी से घुलमिल जाते थे। उनकी शायरी, सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता और उनके जमीन से जुड़े रहने का अंदाज़ नई पीढ़ी को भी उनसे जोड़ देता था। कुनिका ने कहा कि उन्हें सुकून है कि जाने से पहले धर्मेंद्र ने अपने बेटे बॉबी देओल की दोबारा मिली शानदार सफलता देख ली। उन्होंने दिल से श्रद्धांजलि देते हुए कहा-दुनिया से शांतिपूर्वक जाना बेहतर है, बजाय किसी पर निर्भर रहकर जाने के।
धर्मेंद्र संग काम का अनुभव साझा किया
कुनिका ने बताया कि उन्हें धर्मेंद्र के साथ तीन फिल्मों में काम करने का सम्मान मिला था। इनमें हिट फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ और उनकी आखिरी फिल्म ‘दुश्मन देवता’ भी शामिल हैं। पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि नए कलाकार धर्मेंद्र की उम्र और अनुभव का इतना सम्मान करते थे कि उनके सामने बैठने में भी झिझकते थे।




