नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । सलमान खान द्वारा होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो बिग बॉस 19 का यह सीजन अब तक काफी धमाकेदार रहा है। एक्शन, कॉमेडी, ड्रामा और रोमांस घरवालों को हर तरह के एंगल देखने को मिल रहे हैं। लेकिन इस सीजन में सबसे ज्यादा सुर्खियां तो घर के अंदर हुए बहस और झगड़ों ने बटोरी हैं। आइए जानते हैं बिग बॉस 19 में अब तक हुए कुछ सबसे बड़े और विवादित झगड़े, जिन्होंने केवल घर के भीतर ही नहीं बल्कि बाहर भी खूब चर्चा बटोरी।
अमाल मलिक और फरहाना भट
नीलम गिरि का लेटर फाड़े जाने के बाद अमाल मलिक का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने खाने के दौरान फरहाना भट की प्लेट छीनकर तोड़ दी। इस झगड़े में अमाल ने फरहाना को अपशब्द कहे और उनकी मां के लिए भी विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने फरहाना की मां को ‘बी-ग्रेड’ औरत तक कह डाला। अमाल और फरहाना का यह विवाद वीकेंड का वार में खूब चर्चा में रहा।
अमाल मलिक और अभिषेक बजाज
एक टास्क के दौरान अमाल मलिक और अभिषेक बजाज के बीच गलतफहमी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुँच गया। हालात बिग बॉस के लिए भी काबू से बाहर हो गए और उन्हें टास्क रद्द करना पड़ा। बाद में यह पता चला कि पूरी गलतफहमी कुनिका सदानंद की वजह से हुई, जिन्होंने अमाल मलिक के बयान को गलत तरीके से पेश किया था।
अमाल मलिक और कुनिका सदानंद
अमाल मलिक आम तौर पर घर के सभी सदस्यों के साथ प्यार से पेश आते हैं, लेकिन गुस्से में वह सारी मर्यादा भूल जाते हैं। एक झगड़े के दौरान उन्होंने कुनिका सदानंद से कहा कि “आपके पास पिछले 40 साल से काम नहीं है।” चूंकि इस टिप्पणी में उम्र और अनुभव दोनों का मजाक उड़ाया गया, यह मामला काफी चर्चा में रहा।
फरहाना, नीलम और शहबाज बदेशा
फरहाना भट अपनी बड़बोली और खुली बातों के लिए जानी जाती हैं। एक झगड़े के दौरान उन्होंने नीलम गिरि को ‘भोजपुरी स्टाफ’ कह दिया, जो वीकेंड का वार में चर्चा का मुद्दा बन गया। शुरू में फरहाना अपनी गलती नहीं मान रही थीं, लेकिन बाद में शहबाज और नीलम की समझाइश के बाद उन्होंने वीकेंड का वार में इस बात का ध्यान रखने का भरोसा दिया।





