नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । भोजपुरी सिनेमा के चमकते सितारे दिनेश लाल यादव, जिन्हें फैंस प्यार से निरहुआ कहते हैं, अपने गानों और फिल्मों के दम पर लंबे समय से दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं। बड़े पर्दे पर उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह हिंदी सिनेमा के दिग्गज अमिताभ बच्चन और जया बच्चन के साथ स्क्रीन साझा कर चुके हैं। इतना ही नहीं, वह प्रियंका चोपड़ा के प्रोडक्शन हाउस की भोजपुरी फिल्मों में भी मुख्य भूमिका निभा चुके हैं। वहीं, अब हाल में आए उनके एक बयान ने काफी बवाल मचा दिया है।
फैंस के बीच इस मुद्दे पर बहस छिड़ गई है।
दरअसल, निरहुआ के एक बयान ने उनके निजी जीवन को लेकर चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह अपनी शादी को एक जिम्मेदारी की तरह निभा रहे हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनका विवाह परिवार की इच्छा से हुआ था। इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और फैंस के बीच इस मुद्दे पर बहस छिड़ गई है।
दिल से नहीं, जिम्मेदारी से जुड़ा रिश्ता – निरहुआ
निरहुआ ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अपनी निजी जिंदगी से जुड़े ऐसे पहलुओं पर खुलकर बात की, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। बातचीत में उन्होंने स्वीकार किया कि उनका विवाह उनकी इच्छा से नहीं, बल्कि माता-पिता के फैसले से हुआ था। उनका कहना था कि वह पहले अपने करियर पर ध्यान देना चाहते थे और कुछ हासिल करने के बाद ही शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की इच्छा के आगे उन्हें झुकना पड़ा।
जिम्मेदारी और ईमानदारी से निभा रहे हैं
निरहुआ ने साफ शब्दों में कहा कि वैवाहिक रिश्ते में जिस तरह का प्रेम होना चाहिए, वैसा एहसास उन्हें कभी नहीं हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि इस सच को वह अपनी पत्नी और बच्चों से भी साझा कर चुके हैं। उनके मुताबिक, वह अपने रिश्ते को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से निभा रहे हैं, क्योंकि यह उनके परिवार द्वारा तय किया गया बंधन है।
बच्चों पर नहीं थोपूंगा फैसले
अभिनेता ने अपनी पारिवारिक सोच को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जिस तरह उनके जीवन से जुड़े बड़े फैसले परिवार ने लिए, वैसा वह अपने बच्चों के साथ कभी नहीं करेंगे। निरहुआ का कहना है कि वह अपने परिवार के साथ पूरी निष्ठा से खड़े हैं और अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन वह नहीं चाहते कि उनके बच्चों को भी वैसी ही परिस्थिति से गुजरना पड़े। उन्होंने साफ कहा कि वह अपने बच्चों को अपने जीवनसाथी चुनने की पूरी स्वतंत्रता देंगे। उनका कहना है कि बच्चों पर किसी भी तरह का दबाव डालना सही नहीं है।
लाइमलाइट से दूर रहती हैं निरहुआ की पत्नी
निरहुआ की शादी को करीब 26 साल हो चुके हैं। उन्होंने साल 2000 में मंशा यादव के साथ सात फेरे लिए थे। इस दंपति के तीन बच्चे हैं, दो बेटे और एक बेटी। जहां निरहुआ अपने प्रोफेशनल जीवन को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं, वहीं उनकी पत्नी सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए रखना पसंद करती हैं।
जिस कारण उनकी केमिस्ट्री चर्चा में रहती है।
वह न तो मीडिया में नजर आती हैं और न ही सोशल मीडिया पर सक्रिय दिखती हैं। अभिनेता भी अपने निजी जीवन को काफी हद तक प्राइवेट रखते हैं और पत्नी के साथ तस्वीरें साझा नहीं करते। दूसरी ओर, फिल्मी दुनिया में उनका नाम अक्सर आम्रपाली दुबे के साथ जोड़ा जाता रहा है। ऑन-स्क्रीन दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब सराहा है, जिस कारण उनकी केमिस्ट्री चर्चा में रहती है।


.jpg)
