नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क।दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित NDTV इंडियन ऑफ द ईयर अवॉर्ड्स में सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को बेस्ट डेब्यूटेंट डायरेक्टर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह आर्यन के करियर का पहला बड़ा अवॉर्ड है, जिसे उन्होंने अपने निर्देशन डेब्यू वेब सीरीज द बाड्स ऑफ बॉलीवुड के लिए हासिल किया। इस खास मौके पर आर्यन अपनी नानी सविता छिब्बर के साथ नजर आए, जो उनके भाषण के दौरान भावुक होती दिखीं।
अवॉर्ड लेते वक्त बोले-मुझे भी ट्रॉफी पापा की तरह पसंद
स्टेज पर अवॉर्ड स्वीकार करते हुए आर्यन खान ने दिल जीत लेने वाला भाषण दिया। उन्होंने सबसे पहले अपनी कास्ट, क्रू और नेटफ्लिक्स का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने एक फर्स्ट-टाइम डायरेक्टर पर भरोसा जताया। आर्यन ने कहा कि यह उनका पहला अवॉर्ड है और उन्हें उम्मीद है कि आगे भी उन्हें कई सम्मान मिलेंगे, क्योंकि उन्हें ट्रॉफी अपने पिता शाहरुख खान की तरह बहुत पसंद हैं।
मां गौरी खान को किया अवॉर्ड डेडिकेट
हालांकि, आर्यन ने साफ किया कि यह अवॉर्ड उनके पिता के लिए नहीं, बल्कि उनकी मां गौरी खान के नाम है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी मां उन्हें हमेशा जल्दी सोने, किसी का मजाक न उड़ाने और गाली-गलौच से दूर रहने की सीख देती हैं, और शायद आज उन्हें यह अवॉर्ड इन्हीं बातों की वजह से मिला है। आर्यन ने कहा कि इस सम्मान ने उनकी मां को दुनिया की सबसे खुश महिला बना दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ आर्यन का भाषण
आर्यन खान के इस भावुक और हल्के-फुल्के भाषण के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। फैंस उनके सादगी भरे अंदाज और मां के प्रति सम्मान की जमकर तारीफ कर रहे हैं। नानी सविता छिब्बर का भावुक होना भी लोगों का दिल छू गया।
‘द बाड्स ऑफ बॉलीवुड’ से मिली पहचान
आर्यन खान ने 18 सितंबर को नेटफ्लिक्स सीरीज द बाड्स ऑफ बॉलीवुड से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। यह एक सैटायर कॉमेडी सीरीज है, जिसमें बॉलीवुड की अंदरूनी राजनीति, पावर स्ट्रगल और बाहरी कलाकारों की चुनौतियों को दिखाया गया है। इस सीरीज को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और हाल ही में इसे IMDb की मोस्ट पॉपुलर इंडियन सीरीज 2025 का खिताब भी मिला। निर्देशन में पहले ही कदम पर मिले इस सम्मान ने साफ कर दिया है कि आर्यन खान बॉलीवुड में लंबी रेस के घोड़े हैं।




