नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । ‘मिस्टर इंडिया’ के नाम से मशहूर अभिनेता अनिल कपूर आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। 24 दिसंबर 1956 को जन्मे अनिल कपूर का शुरुआती जीवन संघर्षों से भरा रहा। मुंबई आने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। खुद अनिल कपूर कई बार बता चुके हैं कि एक दौर ऐसा भी था जब उनका परिवार राज कपूर के गैरेज में रहने को मजबूर था। दरअसल, उनके पिता सुरिंदर कपूर का संबंध पृथ्वीराज कपूर के परिवार से था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आसान रास्ता नहीं मिला। बाद में परिवार ने किराए के कमरे में लंबा समय बिताया। इन मुश्किल हालातों के बीच अनिल ने अभिनेता बनने का सपना जिंदा रखा और लगातार संघर्ष करते रहे।
छोटे रोल से बड़ी पहचान तक का सफर
अनिल कपूर ने फिल्मी करियर की शुरुआत 1979 में उमेश मेहरा की फिल्म ‘हमारे तुम्हारे’ से कैमियो रोल में की। इसके बाद 1980 में तेलुगू फिल्म ‘वामसा वृक्षम’ में बतौर लीड एक्टर नजर आए। बॉलीवुड में उन्हें असली पहचान 1983 की फिल्म ‘वो सात दिन’ से मिली। इसके बाद अनिल कपूर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। ‘मिस्टर इंडिया’, ‘तेजाब’, ‘राम लखन’, ‘बेटा’, ‘कर्मा’, ‘नायक’, ‘मेरी जंग’ और ‘लाडला’ जैसी फिल्मों ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया। उनकी एनर्जी, डायलॉग डिलीवरी और फिटनेस आज भी दर्शकों के लिए प्रेरणा है।
निजी जिंदगी, लग्जरी लाइफ और अपार संपत्ति
अनिल कपूर की निजी जिंदगी भी उतनी ही दिलचस्प रही है। स्ट्रगल के दिनों में उनकी मुलाकात मॉडल सुनीता से हुई और पहली नजर में ही दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संघर्ष के वक्त सुनीता ने अनिल का पूरा साथ दिया। दोनों ने 19 मई 1984 को शादी की। आज अनिल कपूर एक शानदार और लग्जरी लाइफ जीते हैं। मुंबई के अलावा उनके पास दुबई, लंदन और कैलिफोर्निया में करोड़ों की संपत्तियां हैं। बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज, बेंटली, जगुआर और ऑडी जैसी लग्जरी कारें उनके गैराज की शान हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिल कपूर की कुल संपत्ति करीब 134 करोड़ रुपये आंकी जाती है।
संघर्ष, मेहनत और अनुशासन के दम पर अनिल कपूर ने खुद को बॉलीवुड का सदाबहार सितारा साबित किया है। उनकी कहानी आज भी लाखों युवाओं को सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देती है।





