नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पंजाबी अभिनेता और दुनिया के पहले पेशेवर शाकाहारी बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह घुम्मन का गुरुवार को 47 वर्ष की आयु में हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनकी अचानक मृत्यु से न केवल फिल्म जगत, बल्कि फिटनेस की दुनिया में भी शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार के अनुसार, वरिंदर को कंधे में दर्द की शिकायत थी, जिसके चलते वह अमृतसर के एक निजी अस्पताल में जांच के लिए पहुंचे थे। इलाज के दौरान शाम करीब 5 बजे उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उनके भतीजे अमनजोत सिंह घुम्मन ने मीडिया को यह जानकारी दी।
गुरदासपुर में जन्म, Mr. India और Mr. Asia में नाम रोशन
वरिंदर सिंह घुम्मन का जन्म पंजाब के गुरदासपुर जिले में हुआ था। वर्ष 2009 में उन्होंने मिस्टर इंडिया का खिताब अपने नाम किया और इसके बाद मिस्टर एशिया प्रतियोगिता में उपविजेता बनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। उनकी कद-काठी और मेहनत को देखते हुए उन्हें हॉलीवुड के सुपरस्टार अर्नाल्ड श्वार्ज़नेगर ने एशिया में अपने प्रोडक्ट्स के प्रमोशन के लिए ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया था। यह उनके करियर की एक बड़ी उपलब्धि थी।
दुनिया के पहले शाकाहारी पेशेवर बॉडीबिल्डर
वरिंदर सिंह को जो बात सबसे अलग बनाती है, वह है उनका शुद्ध शाकाहारी होना। जब अधिकांश बॉडीबिल्डर अपने आहार में मांस और अंडे को ज़रूरी मानते हैं, वहीं वरिंदर ने यह साबित किया कि बिना मांसाहार के भी शरीर को ताकतवर और आकर्षक बनाया जा सकता है। उन्होंने फिटनेस की दुनिया में एक नई मिसाल कायम की।
सिल्वर स्क्रीन की ओर रुख: सलमान खान के साथ किया काम
वरिंदर सिंह ने 2012 में ‘कबड्डी वंस अगेन’ फिल्म से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। इसके बाद ‘Roar: Tigers of the Sundarbans (2014)’ और ‘Marjaavaan (2019)’ जैसी फिल्मों में नजर आए।2023 में सलमान खान की फिल्म ‘Tiger 3’ में वह महत्वपूर्ण भूमिका में दिखे, जिससे उन्हें पूरे भारत में व्यापक पहचान मिली।
सोशल मीडिया पर फिटनेस आइकन
वरिंदर सिंह न केवल जिम में बल्कि सोशल मीडिया पर भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत रहे। उनके इंस्टाग्राम पर एक मिलियन से अधिक फॉलोअर्स थे, जिनके साथ वह नियमित रूप से अपने वर्कआउट टिप्स, डाइट प्लान और मोटिवेशनल विचार साझा करते थे। उनकी ईमानदारी, प्रतिबद्धता और सकारात्मक सोच ने उन्हें एक असली ‘रियल-लाइफ हीरो’ बना दिया था।
शोक संदेशों का तांता
उनकी मृत्यु की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों का तांता लग गया। बॉलीवुड और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों, फिटनेस एक्सपर्ट्स और आम लोगों ने उनकी असामयिक मृत्यु पर दुख जताया। वरिंदर घुम्मन जैसे लोग रोज़ पैदा नहीं होते। उन्होंने अपने जीवन से यह साबित किया कि सच्ची लगन और नैतिकता के साथ भी सफलता की ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।वरिंदर सिंह घुम्मन का जाना भारतीय फिटनेस व फिल्म इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है।उनका जीवन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बना रहेगा। दैनिक जागरण परिवार दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता है।





