नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर सुर्खियों में है। इस फिल्म में दोसांझ पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ नजर आएंगे। लेकिन फिल्म के रिलीज से पहले ही भारत में इसको लेकर बवाल मचा हुआ है। दोसांझ के साथ काम कर रही पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर को लेकर सिंगर को नेटिजंस से तीखी आलोचनाओं को सामना करना पड़ रहा है।
रविवार को अभिनेता ने अपनी फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया था। जिसमें पाक एक्ट्रेस हानिया आमिर भी नजर आई थी। पाकिस्तान की अभिनेत्री को लेकर भारत में विवाद शुरु हो गया है। इसी बीच, अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने फिल्म को लेकर चुप्पी तोड़ी है। उन्होने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने एक प्रोजेक्ट को रिलीज से पहले ही सेंसर करने की बात कही।
दिलजीत ने शेयर की पोस्ट
दिलजीत ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की, जिसका टाइटल था, ‘रिलीज से पहले सेंसर?’ ऐसे में कहा जा रहा है कि ये पोस्ट उनकी फिल्म पंजाब 95 से जुड़ी है, जो काफी समय से रिलीज नहीं हो सकी थी। इस पोस्ट में उस समय की बात की गई है जब फिल्म को CBFC ने 127 कट्स के साथ पास करने को कहा था, लेकिन डायरेक्टर सुनयना सुरेश और दिलजीत ने ऐसा करने से मना कर दिया था।
विवाद की ये रही वजह
दरअसल, इस समय सिंगर और अभिनेता दिलजीत इसलिए भी सुर्खियों है कि क्योंकि उन्होंने पाकिस्तानी कलाकार हानिया आमिर के साथ फिल्म की है और FWICE ने भारत में उनके प्रोजेक्ट्स पर बैन लगाने की मांग की है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाक के बीच तनाव के चलते भारत ने पाकिस्तानी कलाकारों और क्रिकेटर पर कार्रवाई की थी। जिसमें FWICE ने भारत के उनके प्रोजेक्ट्स पर प्रतिबंध लगा दिया था।
यहीं, कारण है कि एक पाकिस्तानी कलाकार के साथ काम करने को लेकर दिलजीत को आलोचना झेलनी पड़ रही है। हालांकि, इन सब विवादों के बीच दिलजीत ‘सरदार जी 3’ का विदेशों में जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं।
‘सरदार जी 3’ के बारे में
एक्टर दिलजीत दोसांझ ने रविवार को फिल्म का ट्रेलर शेयर किया, जिसमें हानिया आमिर की एंट्री का खुलासा हुआ। फिल्म में वो एक भूत शिकारी के रूप में नजर आएंगे, जिन्हें युनाइडेट किंगडम की एक हवेली से आत्मा को भगाने का काम मिलता है। इस हॉरर कॉमेडी में दिलजीत के साथ हानिया और नीरू बाजवा दोनों रोमांस करती नजर आएंगी।
फिल्म में मानव विज, गुलशन ग्रोवर, जैस्मीन बाजवा और सपना पब्बी भी अहम रोल में हैं। डायरेक्शन अमर हुंदल ने किया है। ‘सरदार जी 3’ भारत में शायद सिनेमाघरों में रिलीज न हो और इसका प्रीमियर सिर्फ विदेशों में किया जाएगा।




