नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री आलिया भट्ट इस समय अपने करियर के उस शिखर पर हैं, जहां तक पहुंचने के लिए वर्षों की मेहनत लगती है। वह आज इंडस्ट्री की टॉप अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं और करोड़ों फैंस के दिलों पर राज कर रही हैं। हाल ही में आलिया एक बार फिर सुर्खियों में आई हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी फिल्मों या अभिनय नहीं, बल्कि उनकी पूर्व पर्सनल असिस्टेंट वेदिका प्रकाश शेट्टी हैं।
दरअसल, वेदिका प्रकाश शेट्टी को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दर्ज की गई पुलिस रिपोर्ट में यह कहा गया है कि वेदिका ने आलिया भट्ट के बैंक अकाउंट से बड़ी रकम की धोखाधड़ी की है। अब जानिए, क्या है इस मामले की पूरी कहानी…
ये है मामला
एक रिपोर्ट के अनुसार, वेदिका ने आलिया भट्ट और उनके प्रोडक्शन हाउस के बैंक खातों से कथित रूप से 76 लाख रुपये से अधिक की राशि की धोखाधड़ी की है। हालांकि मामले की जांच अभी जारी है और इस पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। आलिया भट्ट या उनकी टीम की ओर से फिलहाल इस पूरे प्रकरण को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी माह में, आलिया की मां सोनी राजदान और इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड के एक निदेशक ने जुहू पुलिस थाने में वेदिका के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर, आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 316 (4) (आपराधिक विश्वासघात) और 318 (4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, वेदिका प्रकाश शेट्टी, जो मरोल स्थित एनजी को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी रोड की निवासी हैं, उसने आलिया भट्ट और उनकी कंपनी के साथ मिलकर सुनियोजित ढंग से धोखाधड़ी को अंजाम दिया। उसे कंपनी की ओर से वित्तीय मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसका उसने कथित रूप से गलत फायदा उठाया। जानकारी के अनुसार, वेदिका ने वर्ष 2024 तक आलिया भट्ट के साथ काम किया था।




