नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। एक्टर अजित कुमार ने 24H दुबई 2025 रेस में तीसरा स्थान हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया है। एक्टर ने इस जीत के बाद अपनी पत्नी के साथ भारतीय झंडा लहराकर जीत का जश्न मनाया। इस जीत के बाद उन्हें खूब बधाइयां मिल रही हैं। ज्ञात हो कि कुछ समय पहले ब्रेक फेल होने के कारण हुई दुर्घटना के बाद उनकी यह शानदार वापसी है।
अजित की टीम ने एक्स पर अनाउंस किया कि अजित कुमार को डबल सक्सेस मिली है। उन्होंने 991 कैटेगरी में तीसरी पोजीशन और जीटी4 कैटेगरी में स्पिरिट ऑफ द रेस जीती है। ब्रेक फेल होने के कारण हुई दुर्घटना के बाद क्या शानदार वापसी है। जीत की अनाउंसमेंट का वीडियो एक्स पर वायरल है। इस वीडियो में अजित कुमार हाथ में तिरंगा लेकर पवेलियन से बाहर भागते हुए नजर आ रहे हैं।
माधवन ने लिखा- बहुत गर्व है..
अजित कुमार के साथ रेस में एक्टर आर माधवन भी साथ रहे। उन्होंने पूरी रेस के दौरान उनका खूब हौसला बढ़ाया। सोशल मीडिया पर अजित के साथ एक फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “बहुत गर्व है.. क्या आदमी है।” वहीं डायरेक्टर आदिक रविचंद्रन ने लिखा- आपने भारत को गौरवान्वित किया है। डायरेक्टर शिवा ने लिखा- बधाई हो डियर अजित सर। आपको और आपकी टीम को ढेर सारी खुशियां। हमें इंस्पायर करते रहिए। आपके पेशेंस और डेडिकेशन के लिए बहुत सम्मान और प्यार।
अजित ने पत्नी शालिनी के साथ मनाया जीत का जश्न
अजित कुमार फैंस क्लब द्वारा एक्स पर शेयर किए गए एक वीडियो में अजित अपनी पत्नी शालिनी को गले लगाते हुए उन्हें चूमते नजर आ रहे हैं। इसके बाद बेटी अनुष्का को भी गले लगाकर चूमा। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि ‘यह जश्न का सबसे बेहतरीन पल रहा’। उनकी जीत पर अभिनेता आर माधवन, शिवकार्तिकेयन और निर्देशक आदिक रविचंद्रन जैसी हस्तियों ने भी सोशल मीडिया पर बधाई दी है।




