दुर्ग 24 जून(हि. स.)। सांसद मेनका गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश और बिहार के पशु चिकित्सकों से असभ्य व असंवैधानिक भाषा के इस्तेमाल किए जाने का ऑडियो विभिन्न सोशल मीडिया में 22 जून 2021 को वायरल होने के बाद देश के समस्त पशु चिकित्सकों में रोष व्याप्त है। छत्तीसगढ़ में भी पशु चिकित्सक संघ के आह्वान के तहत पशु चिकित्सा व पशुपालन महाविद्यालय अंजोरा दुर्ग के समस्त प्राध्यापकगण पशुचिकित्सक व अंतिम वर्ष के इंटर्नशिप छात्र छात्राओं ने काली पट्टी बांधकर महाविद्यालय के सामने प्रांगण में अपना विरोध प्रदर्शन किया। तत्काल माफी मांगने व इनकी संसद सदस्यता रद्द करने की मांग की गई व कार्यवाही नहीं होने पर भविष्य में असहयोग आंदोलन करने का विचार रखा गया है। इसी प्रकार का प्रदर्शन राज्य के विभिन्न जगहों पर किया गया विभिन्न पशु चिकित्सक संघ ने तत्काल संज्ञान लेकर तत्काल माफी मांगने व इनकी संसद सदस्यता रद्द करने की मांग पर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। हिन्दुस्थान समाचार/अभय जवादे




