अहमदाबाद, एजेंसी। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने शनिवार को अहमदाबाद में तीसरी वर्ल्ड टेक्सटाइल कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे पुराने उद्योगों में शामिल टेक्सटाइल उद्योग समय के साथ कदम मिलाते हुए आधुनिक तकनीक के जरिए वैश्विक बाजार में अग्रिम पंक्ति में स्थान प्राप्त करने में सफल हुआ है। केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री दर्शना जरदोश की मौजूदगी में आयोजित कॉन्फ्रेंस में देश के विभिन्न राज्यों समेत विश्व के कई देशों के कपड़ा उद्यमी शामिल हुए।
विश्व भर के उद्यमियों-व्यापारियों के लिए गुजरात में वैश्विक अवसर उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने टेक्सटाइल उद्योग समेत अन्य सभी उद्योगों को पर्यावरण संरक्षण का खास ध्यान रखते हुए विकास की बात कही। उन्होंने कहा कि विकास की गति-प्रगति का मार्ग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्राप्त हुआ है, वह अब एक नया अध्याय बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वाइब्रेंट समिट की जिस शृंखला को शुरू किया, उसके परिणामस्वरूप विश्व भर के उद्यमियों-व्यापारियों के लिए गुजरात में वैश्विक अवसर उपलब्ध हुआ है। विदेशी निवेशकों के लिए गुजरात पहला पसंद बना हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देश में भारत विश्व की 5वीं सबसे बड़ी आर्थिक सत्ता बन गया है। कोरोना काल में भी उन्होंने देश को आत्मनिर्भरता की गति में अवरोध पैदा नहीं होने दिया। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि गुजरात में टेक्सटाइल उद्योगों की जरूरत के मुताबिक सरकार हमेशा मदद को तैयार रहेगी। कपड़ा उद्योग के विकास के लिए इस साल बजट में 1580 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
गुजरात का इकोसिस्टम टेक्सटाइल मार्केट के लिए फायदेमंद: दर्शना जरदोश
इस अवसर पर केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री दर्शना जरदोश ने कहा कि आज टेक्सटाइल के क्षेत्र में अग्रणी बने रहने के लिए गुजरात में जो इको सिस्टम बना है, यह टेक्सटाइल मार्केट के लिए लाभदायी साबित हो रहा है। आज टेक्सटाइल क्षेत्र में गुजरात अग्रसर भूमिका में है। हैन्डलूम की बात करते हुए केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हैंडलूम के क्षेत्र में सतत विकास हो रहा है। जी-20 अंतर्गत हैंडलूम क्षेत्र को एक नई दिशा प्राप्त हुई है। इस क्षेत्र में भी व्यापक अवसर पैदा हो रहा है। इस अवसर पर टेक्सटाइल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट आरके विज, अरविंद लिमिटेड के निदेशक पुनीत लालभाई, दी टेक्सटाइल एसोसिएशन के इंडिया के टी एल पटेल, इंदौर में वेंचर लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक उदय गीत समेत बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।




