धमतरी 26 जून ( हि. स.)। पांच हजार से अधिक कुत्तों से शहरवासियों को बारिश में काटने का खतरा बढ़ गया है। प्रजनन काल के चलते कुत्ता बौखला जाते हैं और लोगों को जबरिया काट देते हैं। इसके उपचार के लिए जिला अस्पताल प्रबंधन ने पर्याप्त रैबीज का इंजेक्शन स्टाक पहले से कर लिया है, ताकि जरूरत के समय जरूरतमंदों को भटकने की नौबत न आए। जिला पशु चिकित्सा विभाग के सर्वे के अनुसार धमतरी शहर में 5000 से अधिक कुत्ता है। शहर के सभी 40 वार्डों के चौक- चौराहों पर कुत्तों को झुंड में देखा जा सकता है। रात में तो सड़कों पर शहर के सिटी कोतवाली, तहसील कार्यालय, रमसगरी तालाब रोड, सिविल लाइन जिला अस्पताल रोड, रामबाग बाजार, गोल बाजार, इतवारी बाजार समेत अन्य जगहों पर झुंड में रहते हैं, क्योंकि इन स्थानों पर कुत्तों को खाने की सामग्रियां मिलता है। इन स्थानों पर रास्ता पार करते समय रात में लोगों को कुत्तों से सबसे ज्यादा खतरा बना रहता है। बारिश शुरू होने के साथ रात में चलते लोगों को कुत्ते दौड़ा-दौड़ा कर काट देते हैं। फिलहाल जिला अस्पताल धमतरी में कुत्तों के काटने से घायल मरीज सामने नहीं आए हैं, लेकिन बारिश में खतरा बढ़ गया है। उपसंचालक एमएस बघेल ने बताया कि बारिश शुरू होते ही कुत्तों में प्रजनन काल शुरू हो जाता है। ऐसे में वे बौखलाहट के चलते राह चलते लोगों को जबरिया काट देते हैं। शहर में कुत्तों की संख्या अधिक होने से इन दिनों लोगों को आवारा कुत्तों से ज्यादा खतरा बना हुआ है। बारिश में कुत्तों के काटने के सबसे ज्यादा के सामने आते हैं। ऐसे में लोग कुत्तों की झुंड व उनसे दूरी बना कर रहे। बच्चों को कुत्तों के झुंड के बीच फिलहाल जाने न दें, नहीं तो काटने से इंकार नहीं किया जा सकता। आवारा कुत्तों के काटने से घायल लोग हर हाल में रैबीज का इंजेक्शन लगाएं, नहीं तो जान का खतरा बना रहता है। अस्पताल में पहले से तैयारी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डा एमएमएस मूर्ति ने बताया कि बारिश को देखते हुए जिला अस्पताल में रैबीज इंजेक्शन की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है। क्योंकि बारिश में कुत्तों के काटने की घटनाएं बढ़ जाती है। ऐसे में मरीजों को रैबीज का इंजेक्शन लगाना बहुत ही जरूरी होता है। जिला अस्पताल में डाक्टरों के पर्ची पर हस्ताक्षर होने के बाद रैबीज इंजेक्शन मरीजों को आसानी से निशुल्क उपलब्ध हो जाता है। इंजेक्शन जिला अस्पताल के टीका कक्ष में उपलब्ध रहता है। हिन्दुस्थान समाचार / रोशन




